- पांच दिन पहले मिला था महिला का शव, जांच में जुटी थी पुलिस
- महिला का छह साल का बेटा था गायब, पुलिस ने शव किया बरामद
- आरोपी के पिता को किया गया गिरफ्तार, छह के खिलाफ एफआईआर
बिहार के मुजफ्फरपुर में महिला और उसके छह साल के बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. महिला का शव मिलने के एक दिन बाद उसके लापता बेटे का शव भी बरामद हो गया है. पुलिस के मुताबिक, पूर्व प्रेमी ने महिला और उसके बेटे की हत्या की है. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी फरार है.पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
दरअसल, कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव की रहने वाली महिला मंजू कुमारी का शव 5 दिन पहले एनटीपीसी प्लांट के पीछे झाड़ियां से मिला था. पुलिस ने महिला का शव को कब्जे में हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा और एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में पूरे मामले की जांच शुरू की गई. जांच में पता चला कि मंजू का अपने पड़ोस के विशुनपुर सुमेर के रहने वाले विकास पासवान से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
इसी बीच मंजू की शादी हो गई. विकास, मंजू से नाराज रहने लगा. इसी बीच मंजू ने एक बच्चे को भी जन्म दिया. गुस्से में विकास ने अपने साथियों के साथ मिलकर मंजू की हत्या कर योजना बनाई और उसे मिलने के लिए बुलाया. मंजू के आने पर उसकी हत्या कर दी और शव को एनटीपीसी के पास झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया. वहीं, महिला के 6 साल का बेटा भी घटना के बाद से गायब था. शनिवार को मासूम का शव भी बरामद हो गया.
महिला के शव मिलने के 5 दिन बाद मिला बेटे का शव
एसडीपीओ वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के एनटीपीसी के पीछे झाड़ियों से एक महिला शव बरामद किया गया था. मामले की जांच की गई तो पता चला कि जिस महिला की हत्या हुई है, उस महिला का 6 साल का बच्चा भी है जो गायब है. उसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पड़ताल की तो पता चला की महिला की हत्या उसके प्रेमी विकास कुमार ने ही अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर की है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की तो सभी आरोपी फरार थे, लेकिन इस मामले में प्रेमी विकास के पिता हरी पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, मृतक महिला के गायब बच्चे की पुलिस तलाश कर रही थी. इसी बीच अब मृतक महिला के 6 वर्षीय मासूम बेटे के शव को भी बरामद कर लिया गया है. मामले की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें- ममता शर्मसार! बिहार के एक गांव में नशेड़ी बेटे ने सगी मां से किया दुष्कर्म, स्थानीय लोगों ने जमकर पीटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं