- सीतामढ़ी जिले के अन्हारी गांव में मजदूरी न मिलने से नाराज एक नेपाली युवक हाईटेंशन पोल पर चढ़ गया था.
- युवक का नाम विनोद है, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया गया और वह मजदूरी के लिए सीतामढ़ी में रहता था.
- युवक ने बताया कि वह ईंट भट्ठे में काम करता था लेकिन मजदूरी नहीं मिलने और भूखा रहने से परेशान था.
बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां मजदूरी नहीं मिलने पर एक नेपाली युवक हाईटेंशन पोल पर चढ़ गया.
दरअसल रीगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अन्हारी गांव से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली पोल पर एक युवक अचानक चढ़ गया. युवक को पोल पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
स्थानीय लोग समझाते रहे लेकिन नहीं उतरा युवक
स्थानीय लोगों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह पोल से उतरने को तैयार नहीं हो रहा था. स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझा-बुझाकर युवक को नीचे उतारने में सफल रही.
पुलिस के आने के बाद उतरा युवक
घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. गनीमत रही कि युवक को किसी तरह का नुकसान नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है. रीगा थाना पुलिस के अनुसार युवक अपना नाम विनोद बात रहा है जो नेपाल का रहने वाला है और सीतामढ़ी में रहकर मजदूरी का काम करता था साथ ही मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है.
मजदूरी नहीं मिलने से कई दिनों से भूखा था युवक
युवक ने बताया कि वो ईंट भट्ठा में काम करता है, लेकिन उसे काम करने के बाद भी मजदूरी नहीं दी जा रही थी और वो कई दिनों से भूखा भी है. इस वजह से गुस्से में उसने अपने जीवन को कुर्बान करने की सोच ली थी.
(सीतामढ़ी से रंजीत की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें - 250 रुपये के लिए पति-पत्नी का 'हाई वोल्टेज' ड्रामा, मेले में झूला झूलने की जिद पर हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ी महिला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं