- अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी बिहार के लदमा गांव में भव्य रूप से आयोजित की जा रही है
- शादी में शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा जिसमें पारंपरिक व्यंजन और चाट, पिज्जा, पास्ता जैसे विविध डिश शामिल हैं
- विवाह समारोह में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के साथ अभिनेता सोनू सूद के शामिल होने की भी संभावना है
बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की आज शाही शादी होने जा रही है. शादी समारोह अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में आयोजित किया जा रहा है, जहां भव्य तैयारियां की गई हैं. आयोजन में बिहार समेत देशभर से बड़ी संख्या में लोगों पहुंच रहे हैं. गांव में ही आज घुड़दौड़ का भी आयोजन हुआ. इस भव्य शादी में खाने पीने का मेन्यू भी बेहद खास है.
शाही मेन्यू भी चर्चा में
शादी के भोज में पूरी तरह शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा. मेन्यू में पुलाव, दाल, पूरी, रायता, कई प्रकार की सब्जियां, पनीर, दाल मखनी, लिट्टी-चोखा, नान और तंदूरी रोटी शामिल हैं. इसके अलावा चाट, गोलगप्पे, आलू टिक्की, डोसा, इडली, चाउमीन, पिज्जा, पास्ता और बर्गर जैसी डिश भी मेहमानों के लिए रखी गई हैं. मिठाइयों में रसगुल्ला, गुलाब जामुन, राजभोग, काजू कतली, मालपुआ, खाजा समेत कई पारंपरिक व्यंजन शामिल हैं.
कई VVIP लोग शादी में होंगे शामिल
इस शादी में हिस्सा लेने के लिए बृजभूषण शरण सिंह पहुंच चुके हैं. राजा भैया समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है. अभिनेता सोनू सूद के आने की भी चर्चा है. इस शाही आयोजन को लेकर पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.
शादी के लिए राजा-महाराजाओं के महल की तर्ज पर एक विशाल जयमाला मंच तैयार किया गया है. पिंक थीम पर बने इस मंच की खासियत यह है कि इसके सामने मेहमानों के लिए विशेष रेस्टोरेंट शैली की व्यवस्था भी की गई है. करीब 10 बीघा में मेहमानों के बैठने, खाने-पीने और स्वागत की व्यवस्था की गई है. VVIP मेहमानों के लिए अलग पंडाल बनाए गए हैं. बताया जा रहा है कि इन पंडालों का निर्माण यूपी के मऊ से आए कारीगरों ने किया है.
शादी समारोह का कार्यक्रम सुबह से ही शुरू हो गया. मेहमानों के आगमन के बाद दोपहर में देशभर से आए घोड़ों की घुड़दौड़ प्रतियोगिता हुई. शाम से संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जिनमें पवन सिंह, अक्षरा सिंह और मैथिली ठाकुर समेत कई कलाकार प्रस्तुति देंगे. रात करीब 9 बजे बारात के लदमा पहुंचने का कार्यक्रम है.
शादी में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं. बाढ़ पुलिस और जिला प्रशासन ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है. हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों के लिए हेलीपैड भी तैयार किया गया है. हालिया बारिश के कारण कुछ दिक्कतें आई थीं, लेकिन अनंत सिंह ने खुद तैयारियों का जायजा लेने के बाद भरोसा जताया कि घुड़दौड़ और हेलीकॉप्टर लैंडिंग दोनों कार्यक्रम निर्धारित योजना के अनुसार होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं