विज्ञापन

नेपाल में बिहार के 5 युवक गिरफ्तार: चितवन से 16 वर्षीय किशोर का किया था अपहरण, मांगी थी 22 लाख की फिरौती

नेपाल के चितवन जिले में अपहरण की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोर का अपहरण फिरौती के लिए किया गया था.

नेपाल में बिहार के 5 युवक गिरफ्तार: चितवन से 16 वर्षीय किशोर का किया था अपहरण, मांगी थी 22 लाख की फिरौती
22 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी
  • नेपाल के चितवन जिले से 16 वर्षीय किशोर को पुलिस ने काठमांडू के एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया है.
  • अपहरण में बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो फिरौती मांगने के आरोपित हैं.
  • आरोप है कि किशोर के पिता से 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.
बेतिया:

नेपाल के चितवन जिले से अगवा किए गए 16 वर्षीय किशोर को पुलिस ने काठमांडू के एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया है. इस अपहरण कांड में बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि इन युवकों ने किशोर के पिता से 22 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी. फिलहाल सभी आरोपी काठमांडू जेल में बंद हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

नेपाल के चितवन जिले में हुए इस अपहरण की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था. काठमांडू वैली क्राइम इन्वेस्टिगेशन ऑफिस के एसएसपी संतोष कुमार खड़का के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपहरण का मकसद फिरौती वसूलना था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए काठमांडू के बालाजू स्थित एक होटल में छापेमारी कर अपहृत किशोर को सकुशल मुक्त कराया. वहीं, इस मामले में पांच भारतीय युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है.

गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के खड्डा गांव निवासी सुजीत कुमार, गोलू शाह, मोहम्मद शाहिद, बेतिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनसरैया निवासी विक्की कुमार और बेतिया कालीबाग निवासी गोलू कुमार सोनी शामिल हैं. सभी आरोपियों की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

22 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य साजिशकर्ता सुजीत कुमार और अपहृत किशोर पहले चितवन में साथ पढ़ते थे. भारत आने के बाद भी दोनों सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में थे. इसी दौरान सुजीत ने इंस्टाग्राम के माध्यम से किशोर को मिलने के लिए बुलाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया. आरोपियों ने किशोर को भारतीय नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो गाड़ी से पहले एक होटल में रखा और बाद में काठमांडू ले गए. पुलिस के अनुसार अपहरणकर्ताओं ने चाकू दिखाकर किशोर को डराया और उसके पिता से व्हाट्सएप कॉल के जरिए 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी. रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.

नेपाल में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी

हालांकि, अपहृत किशोर ने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए रास्ते में एक कागज पर अपने अपहरण की जानकारी और पिता का मोबाइल नंबर लिखकर फेंक दिया. यह कागज मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी कर किशोर को बरामद कर लिया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने कमरे से एक पिस्टल और दो चाकू और अपहरण में इस्तेमाल किए गए कार भी बरामद किए हैं. फिलहाल नेपाली पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है.

बेतिया से जितेन्द्र की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें : बिहार: अनुष्का यादव के घर में जबरदस्ती घुसने के मामले में तेज प्रताप के खिलाफ एफआईआर

लेखक के बारे में
img
आलोक कुमार ठाकुर
सीनियर सब एडिटर
लेखक NDTV समूह में Senior Sub Editor के तौर पर कार्यरत हैं. माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल, 2016-19 में पत्रकार... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kidnapping
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com