क्या आपको भी लगता है कि महिलाएं पुरुषों के मुकाबले खराब ड्राइविंग करती हैं? अगर हां, तो आपको अपनी सोच बदलनी होगी. जुनो जनरल इंश्योरेंस की नई 'इंडिया रोड सेफ्टी रिपोर्ट 2026' ने ड्राइविंग से जुड़े कई पुराने मिथकों को पूरी तरह से तोड़ दिया है. इस रिपोर्ट में न सिर्फ यह साफ हुआ है कि महिलाएं बेहतर गाड़ी चलाती हैं, बल्कि यह भी पता चला है कि भारत की सड़कों पर एक ऐसा खौफनाक घंटा भी आता है, जब ड्राइविंग करना सबसे ज्यादा खतरनाक होता है.
रात 9 से 10 बजे का समय सबसे खतरनाक
जुनो स्मार्टड्राइव ऐप के डेटा के मुताबिक, भारत में रात 8 बजे के बाद लोगों का ड्राइविंग स्कोर तेजी से नीचे गिरता है. रात 9 बजे से 10 बजे के बीच का समय सड़क पर चलने के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक होता है. इस दौरान सबसे ज्यादा लापरवाही से गाड़ियां चलाई जाती हैं. इसके विपरीत, अगर आप सबसे सुरक्षित समय पर सफर करना चाहते हैं, तो दोपहर 1 बजे से 2 बजे का समय सबसे बेस्ट माना गया है क्योंकि इस दौरान ड्राइविंग स्कोर सबसे बेहतर रहता है.
एक्सप्रेसवे पर पंक्चर हुई गाड़ी? अब बीच रास्ते नहीं होना पड़ेगा परेशान, आ गई कमाल की सर्विस
महिलाएं हैं पुरुषों से बेहतर ड्राइवर
अक्सर महिला ड्राइवर्स का मजाक उड़ाया जाता है, लेकिन 4.5 मिलियन से ज्यादा ट्रिप्स के डेटा ने इस स्टीरियोटाइप को पूरी तरह खत्म कर दिया है. टेलीमेट्री डेटा के अनुसार, सेफ ड्राइविंग के मामले में महिलाओं का औसत ड्राइविंग स्कोर 92.86 रहा है, जबकि पुरुषों का स्कोर 92.43 दर्ज किया गया. हालांकि दोनों के बीच अंतर बहुत कम है, लेकिन इसने यह साबित कर दिया है कि महिलाएं सड़कों पर पुरुषों जितनी ही या उससे भी बेहतर ढंग से गाड़ी संभालती हैं.
रिपोर्ट में और भी खुलासे
इस रिपोर्ट की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि भारी बारिश या सर्दियों का घना कोहरा ड्राइविंग स्कोर को प्रभावित नहीं करता है. साल भर मौसम बदलने के बावजूद लोगों का ड्राइविंग स्कोर एक जैसा रहता है. रिपोर्ट में भारतीय ड्राइवरों की सबसे बड़ी कमजोरी अचानक से तेज ब्रेक लगाना और अचानक से स्पीड बढ़ाना सामने आई है.
वहीं, देश में हर साल लगभग 1.73 लाख लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं, जो कि पूरी दुनिया में होने वाली मौतों का 11 प्रतिशत है. सड़क पर चलने वाले दोपहिया वाहन चालक (44 प्रतिशत) और पैदल चलने वाले लोग (19 प्रतिशत) इन हादसों का सबसे पहला और बड़ा शिकार बनते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं