खूबसूरत एक्सप्रेसवे हो और अचानक गाड़ी का टायर पंक्चर हो जाए या इंजन जवाब दे दे. ऐसे में मदद के लिए मीलों दूर तक कोई नहीं दिखता. लेकिन अब आपकी यह टेंशन हमेशा के लिए खत्म होने वाली है. क्योंकि NHAI अब हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर को और भी सुरक्षित बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. अब आपको बीच रास्ते में गाड़ी खराब होने पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
NHAI का नया मास्टर प्लान
नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे के किनारे व्हीकल रिपेयर शॉप और पंक्चर बनाने की सुविधाएं तेजी से शुरू की जाएंगी. इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को होगा जो रात के समय या सुनसान रास्तों पर गाड़ी खराब होने की वजह से फंस जाते थे. अब सरकार की तरफ से आपको ऑन-रोड असिस्टेंस बहुत आसानी से मिल सकेगा.
एक बार फुल टैंक में 1000 KM का सफर! MG ला रही है भारत में सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली SUV
क्या हैं वेसाइड एमेनिटीज (WSA)?
NHAI अपनी सहयोगी कंपनी NHLML के साथ मिलकर देश भर के हाईवे पर हर 40 से 60 किलोमीटर की दूरी पर वेसाइड एमेनिटीज (WSA) यानी आराम गृह बना रही है. यह करीब चार हेक्टेयर की जमीन पर फैले मॉडर्न हब होते हैं. इन हब्स पर पहले से ही पेट्रोल पंप, रेस्टोरेंट, वॉशरुम, ईवी चार्जिंग स्टेशन और ट्रक ड्राइवरों के लिए रुकने की जगह मौजूद होती है. अब इन्हीं जगहों पर गाड़ी ठीक करने वाले मैकेनिक और पंक्चर की दुकानें भी खोली जाएंगी.
पीपीपी मॉडल पर होगा काम
यह पूरी योजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत चलाई जा रही है. इसका मतलब है कि प्राइवेट ऑपरेटर्स को इन एमेनिटीज में रिपेयरिंग सर्विस शुरू करने की अनुमति पहले से ही दी गई है, लेकिन अब इस काम में तेजी लाने को कहा गया है. इससे न सिर्फ लोगों का समय बचेगा, बल्कि हाईवे पर हादसों की संख्या में भी कमी आएगी क्योंकि सड़क किनारे खड़ी खराब गाड़ियां अक्सर दुर्घटना का कारण बनती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं