Maruti Suzuki Baleno के फेसलिफ्ट मॉडल के लॉन्च होने के करीब एक महीने बाद Toyota ने भी अपनी प्रीमियम हैचबैक Glanza का अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है. नई Toyota Glanza Facelift की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.99 लाख रुपये रखी गई है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 10.49 लाख रुपये तक जाती है. नई Toyota Glanza में फ्रंट डिजाइन में बदलाव, नए फीचर्स और नया पेट्रोल इंजन दिया गया है. इसके अलावा, कंपनी ने CNG वेरिएंट में AMT गियरबॉक्स का ऑप्शन भी पेश किया है.
Toyota Glanza Facelift की कीमत
नई Toyota Glanza की शुरुआती कीमत 6.99 लाख रुपये है. यह पिछले मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.73 लाख रुपये थी. यानी कीमत में 26 हजार रुपये का इजाफा देखने को मिला है. वहीं, इसका टॉप वेरिएंट 10.49 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर उपलब्ध है. आपको बता दें कि नई Glanza की कीमत एंट्री-लेवल Baleno से ज्यादा है. दोनों कारों के बीच मुकाबला पहले से ही मजबूत रहा है. Glanza और Baleno एक ही प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में आती हैं और ग्राहकों को अपनी ओर खींचती हैं.
फ्रंट डिजाइन में हुए बड़े बदलाव
Toyota Glanza Facelift के एक्सटीरियर में कई बदलाव किए गए हैं. इनमें सबसे ज्यादा बदलाव कार के फ्रंट हिस्से में नजर आते हैं. नई कार में अपडेटेड बंपर, नए डिजाइन वाली ग्रिल और Satin Silver एक्सेंट दिए गए हैं. कार के बोनट के अगले हिस्से पर Toyota का लोगो लगाया गया है, जबकि इसके बीच में क्रोम एलिमेंट मिलता है. नई ग्रिल में मेश-स्टाइल डिजाइन दिया गया है, जो कार के फ्रंट लुक को पहले से ज्यादा बेहतर बनाता है. इसके अलावा, नीचे की तरफ स्टाइलिश साइड स्कर्ट भी दी गई है.
Toyota के मुताबिक, नई Glanza को युवा और एम्बिशियस कस्टमर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इसका नया डिजाइन कंपनी की मौजूदा स्टाइलिंग दिशा के अनुसार है. इस कार में 16-इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. हालांकि, साइड प्रोफाइल में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. पीछे की तरफ भी बदलाव लिमिटेड हैं. नई Glanza को सात एक्सटीरियर कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है.

यह भी पढ़ें | 25 KM/L से ज्यादा माइलेज, कीमत 4.77 लाख से शुरू, टॉप सस्ती ऑटोमैटिक कारें, दिवाली में ले आएं घर
360-डिग्री कैमरा और 9-इंच टचस्क्रीन समेत कई फीचर्स
नई Toyota Glanza में फीचर्स पर भी ध्यान दिया गया है. इसमें 360-डिग्री कैमरा और फ्रंट पार्किंग सेंसर दिए गए हैं. इसके अलावा, कार में टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और एक्टिव कूलिंग के साथ वायरलेस चार्जर मिलता है. इंफोटेनमेंट के लिए इसमें 9-इंच का टचस्क्रीन सिस्टम दिया गया है, जो वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto सपोर्ट करता है. नई Glanza में हेड-अप डिस्प्ले, कनेक्टेड-कार टेक्नोलॉजी और रियर AC वेंट्स भी मिलते हैं. इन फीचर्स से ड्राइविंग के दौरान सुविधा और केबिन का आराम बढ़ाने में मदद मिलती है.
इंजन और दूसरे फीचर्स
नई Glanza में एक खास फीचर Ventilated Seats का है.इससे गर्म मौसम में बैठने वाले को ज्यादा आराम मिल सकता है. हालांकि, अब कई कारों और SUV में वेंटिलेटेड सीट्स दी जा रही हैं. Glanza में इसके शामिल होने से कार का फीचर पैकेज पहले से ज्यादा बढ़ा है. Toyota ने नई Glanza में सेफ्टी फीचर्स पर भी ध्यान दिया है. प्रीमियम हैचबैक में छह एयरबैग दिए गए हैं. इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल-होल्ड असिस्ट और बच्चों की सीट लगाने के लिए ISOFIX एंकर पॉइंट्स मिलते हैं.
नई Toyota Glanza में सबसे बड़ा मैकेनिकल बदलाव इसका इंजन है. पुराने मॉडल में 1.2-लीटर, चार-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड K12 पेट्रोल इंजन मिलता था. नए मॉडल में इसकी जगह 1.2-लीटर, तीन-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड Z12E पेट्रोल इंजन दिया गया है. ये इंजन 83 PS की पावर और 112 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. ट्रांसमिशन के लिए पांच-स्पीड मैनुअल और पांच-स्पीड AMT गियरबॉक्स के ऑप्शन दिए गए हैं.
कंपनी नई Glanza में फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प भी दे रही है. CNG वर्जन में इंजन 70 PS की पावर और 102 Nm का टॉर्क देता है. इसकी खास बात है कि अब CNG वेरिएंट में भी Maruti Suzuki Baleno की तरह AMT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है.
Tata Altroz और Hyundai i20 से होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में Toyota Glanza का मुकाबला Tata Altroz, Hyundai i20 और Maruti Suzuki Baleno Facelift से होगा. इनमें Baleno इसकी सबसे करीबी कंपीटिटर है. Tata Altroz इस सेगमेंट की इकलौती कार है, जिसमें डीजल इंजन का ऑप्शन मिलता है. वहीं, Hyundai i20 को भी आने वाले समय में अपडेट मिलने की उम्मीद है. हाल के समय में भारत में प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट का साइज कम हुआ है. इसके बावजूद बेहतर कीमत और फीचर्स वाली कारें ग्राहकों को अपनी ओर अट्रैक्ट कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें | 5-स्टार सेफ्टी, 24 किमी का माइलेज, Tata की इस कार का फटाफट खत्म हो रहा है स्टॉक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं