भारत में फेस्टिव सीजन की वाइब शुरू हो गई है. इस सीजन के दौरान कई लोग नई कार भी खरीदने की प्लानिंग करते हैं. अभी ऑटोमैटिक कारों की भी डिमांड लगातार बढ़ रही है. अगर आप बार-बार गियर बदलने का झंझट नहीं चाहते हैं तो आप ऑटोमैटिक कार के साथ जा सकते हैं. अच्छी बात है कि कम बजट में भी ऑटोमैटिक गाड़ियां मिल जाती हैं. Maruti Suzuki, Renault और Tata Motors जैसी कंपनियां 6 लाख रुपये से कम में ऐसे ऑप्शन देती हैं. इन कार के साथ बेहतर माइलेज, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं. आइए, आपको कम कीमत में दमदार ऑटोमैटिक कारों के बारे में बताते हैं.
Maruti Suzuki S-Presso AMT
Maruti Suzuki S-Presso AMT की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4.77 लाख रुपये है. इसका हाई और बॉक्सी डिजाइन इसे एक मिनी-एसयूवी जैसा लुक देता है. केबिन के अंदर एक राउंडेड सेंटर कंसोल दिया गया है. इसमें ही डिजिटल स्पीडोमीटर फिट है. इसके साथ ही एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करने वाला 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है.
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 1.0-लीटर का तीन-सिलेंडर K-Series पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 66 bhp की पावर और 89 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. 5-स्पीड ऑटोमैटिक (AMT) गियरबॉक्स के साथ ये कार आती है. ये 25.30 किमी प्रति लीटर का शानदार माइलेज देने का दावा करती है. सेफ्टी के लिए इसमें ड्यूल फ्रंट एयरबैग्स, ABS, EBD, रियर पार्किंग सेंसर्स और हिल होल्ड असिस्ट के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
Renault Kwid AMT
Renault Kwid AMT की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4,89,900 रुपये है. इसका स्पोर्टी लुक, स्प्लिट हेडलैंप्स, एलईडी DRLs और बढ़िया ग्राउंड क्लीयरेंस इसे युवाओं के बीच पॉपुलर बनाते हैं. केबिन के अंदर ड्यूल-टोन फिनिश दी गई है जो इसे प्रीमियम फील देती है. इसके अलावा इसमें 8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और आरामदायक सीटें मिलती हैं.
यह भी पढ़ें | न Dzire, न ही Aura.. ट्रक ड्राइवर ने खरीदी पहली कार Tata Aeris, बताई खरीदने की असली वजह
इस कार में 1.0-लीटर का तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 67 bhp की पावर और 91 Nm का टॉर्क देता है. इसे 5-स्पीड इजी-आर (Easy-R) AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है, जो 21.46 से 22 किमी प्रति लीटर का माइलेज देने का दावा करता है. सेफ्टी के लिहाज से इसमें ड्यूल एयरबैग्स, रिवर्स पार्किंग कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), ABS, EBD और हिल स्टार्ट असिस्ट जैसी सुविधाएं दी गई हैं.
Maruti Suzuki Alto K10 AMT
Maruti Suzuki Alto K10 AMT की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4,97,400 रुपये है. इसका कॉम्पैक्ट और आधुनिक डिजाइन, बड़ी हनीकॉम्ब ग्रिल और स्लीक हेडलैंप्स इसे काफी शानदार बनाते हैं. इसका केबिन बेहद साफ और प्रैक्टिकल है. इसमें 7-इंच का स्मार्टप्ले इंफोटेनमेंट सिस्टम, पावर विंडोज, कीलेस एंट्री और डिजिटल स्पीडोमीटर जैसी सुविधाएं मिलती हैं. अपने छोटे साइज की वजह से इसे तंग गलियों में मोड़ना और पार्क करना बहुत आसान है.
ये कार 1.0-लीटर के तीन-सिलेंडर K10C पेट्रोल इंजन के साथ आती है, जो 66 bhp की पावर और 89 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसे 5-स्पीड ऑटो गियर शिफ्ट (AGS) गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. कंपनी का दावा है कि ये 24.90 किमी प्रति लीटर का शानदार माइलेज देती है. पहली बार कार खरीदने वालों के लिए ये एक बेहतरीन ऑप्शन है. सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग्स, ABS, EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) और रियर पार्किंग सेंसर्स दिए गए हैं.
Tata Tiago AMT
Tata Tiago AMT की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 4,76,990 रुपये है. अपनी मजबूत बिल्ड क्वालिटी और स्पोर्टी बॉडी लाइन्स के लिए ये कार हमेशा से ग्राहकों की पसंदीदा रही है. केबिन के अंदर प्रीमियम फैब्रिक सीट्स और सॉफ्ट-टच फिनिश दी गई है. इसमें 7-इंच का टचस्क्रीन सिस्टम, शानदार म्यूजिक के लिए 8-स्पीकर वाला हरमन साउंड सिस्टम, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और ठंडी हवा देने वाला कूल्ड ग्लोवबॉक्स मिलता है.
इस हैचबैक में 1.2-लीटर का तीन-सिलेंडर Revotron पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 85 bhp की पावर और 113 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसे 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. टाटा का दावा है कि ये कार आसानी से 19 से 20 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती है. सुरक्षा के लिए इसे ग्लोबल एनकैप (Global NCAP) क्रैश टेस्ट में 4-स्टार की सेफ्टी रेटिंग मिली है. इसमें ड्यूल एयरबैग्स, कॉर्नर स्टेबिलिटी कंट्रोल, ABS, EBD और रिवर्स पार्किंग कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं.
यह भी पढ़ें | Honda का दिवाली धमाका! 2.35 लाख की बंपर छूट, Amaze, City और Elevate पर डिस्काउंट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं