- जून में Hero Splendor बनी नंबर-1 बाइक
- TVS iQube की बिक्री में 232% की छलांग
- Hero HF Deluxe की बिक्री में सबसे बड़ी गिरावट
जून 2026 में भारत के टू-व्हीलर बाजार में Hero Splendor ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा. Hero MotoCorp की यह कम्यूटर बाइक देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली दोपहिया बनी रही. वहीं Honda Activa दूसरे और Honda Shine तीसरे स्थान पर रही. इस दौरान TVS Jupiter, Bajaj Pulsar, Suzuki Access और TVS iQube जैसे मॉडल भी टॉप-10 की सूची में शामिल रहे. खास बात यह रही कि TVS iQube ने सबसे ज्यादा सालाना ग्रोथ दर्ज की, जबकि Hero HF Deluxe की बिक्री में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली.
Hero Splendor फिर बनी देश की नंबर-1 बाइक
जून 2026 में Hero Splendor की 3,53,024 यूनिट की बिक्री हुई, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 3,31,057 यूनिट था. इस तरह बाइक की बिक्री में 6.64 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई. टॉप-10 टू-व्हीलर की कुल बिक्री में Splendor की हिस्सेदारी 29.08 प्रतिशत रही. दिल्ली में इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 77,787 रुपये है.
Honda Activa और Shine ने बनाए रखी मजबूत पकड़
Honda Activa ने जून 2026 में 2,18,932 यूनिट की बिक्री के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. पिछले साल इसी महीने इसकी 1,83,265 यूनिट बिकी थीं. यानी इसकी बिक्री में 19.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. वहीं Honda Shine तीसरे स्थान पर रही. इसकी 1,67,572 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल की तुलना में 17 प्रतिशत ज्यादा हैं.

TVS Jupiter और Bajaj Pulsar का प्रदर्शन
TVS Jupiter ने 1,36,805 यूनिट की बिक्री के साथ चौथा स्थान हासिल किया. इसकी बिक्री में 26.69 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं Bajaj Pulsar टॉप-5 में जरूर रही, लेकिन इसकी बिक्री घट गई. जून 2026 में Pulsar की 77,406 यूनिट बिकीं, जबकि पिछले साल इसी महीने 88,452 यूनिट की बिक्री हुई थी. यानी इसमें 11,046 यूनिट की गिरावट दर्ज की गई.
TVS iQube ने मारी बाजी
इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में TVS iQube सबसे बड़ा स्टार बनकर उभरा. जून 2026 में इसकी 47,331 यूनिट की बिक्री हुई, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा सिर्फ 14,244 यूनिट था. इस तरह इसकी बिक्री में 232.29 प्रतिशत की जबरदस्त सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो टॉप-10 में सबसे ज्यादा रही.
Hero HF Deluxe की बिक्री में सबसे बड़ी गिरावट
Hero HF Deluxe टॉप-10 सूची में जरूर शामिल रही, लेकिन इसकी बिक्री सबसे ज्यादा घटी. जून 2025 में जहां इसकी 1,00,878 यूनिट बिकी थीं, वहीं जून 2026 में यह घटकर 44,292 यूनिट रह गई. यानी सालाना आधार पर 56,586 यूनिट की गिरावट दर्ज की गई.
जून 2026 के टॉप-10 सबसे ज्यादा बिकने वाले टू-व्हीलर
1. Hero Splendor – 3,53,024 यूनिट
2. Honda Activa – 2,18,932 यूनिट
3. Honda Shine – 1,67,572 यूनिट
4. TVS Jupiter – 1,36,805 यूनिट
5. Bajaj Pulsar – 77,406 यूनिट
6. Suzuki Access – 63,121 यूनिट
7. TVS Apache – 55,382 यूनिट
8. TVS XL100 – 50,155 यूनिट
9. TVS iQube – 47,331 यूनिट
10. Hero HF Deluxe – 44,292 यूनिट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं