- बारिश में कार की देखभाल से बढ़ेगी सुरक्षा
- मानसून में टायर, वाइपर और लाइट्स की जांच जरूर करें.
- सही ड्राइविंग आदतें दुर्घटना का खतरा कम करती हैं
मानसून का मौसम शुरू होते ही ड्राइविंग पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो जाती है. बारिश की वजह से सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं, विजिबिलिटी कम हो जाती है और कई बार गड्ढे भी पानी में छिप जाते हैं. ऐसे में सिर्फ सावधानी से गाड़ी चलाना ही काफी नहीं है, बल्कि कार की सही देखभाल करना भी बेहद जरूरी है. अगर आप रोजाना कार से ऑफिस जाते हैं या लंबी दूरी तय करते हैं, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर अपनी कार को बेहतर स्थिति में रख सकते हैं और बारिश के मौसम में सुरक्षित ड्राइविंग कर सकते हैं.
बारिश के बाद कार की सफाई जरूर कराएं
अक्सर लोग सोचते हैं कि बारिश में कार अपने आप साफ हो जाती है, लेकिन ऐसा नहीं है. बारिश का पानी, कीचड़ और गंदगी कार के नीचे और अलग-अलग हिस्सों में जमा हो जाती है. अगर इसे लंबे समय तक साफ नहीं किया जाए तो जंग लगने का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए समय-समय पर कार की अच्छी तरह धुलाई कराएं और खासतौर पर अंडरबॉडी की सफाई जरूर करवाएं. कार धोने के बाद उसे पूरी तरह सुखाना भी जरूरी है. अगर संभव हो तो धुलाई के बाद कुछ किलोमीटर कार चलाएं, ताकि अंडरबॉडी में जमा पानी भी बाहर निकल जाए.

टायर और वाइपर की जांच करें
बारिश के मौसम में टायरों की अच्छी स्थिति सबसे ज्यादा जरूरी होती है. घिसे हुए टायर फिसलन वाली सड़क पर पकड़ खो सकते हैं और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए टायर के ट्रेड और Wear Indicator की जांच करें. अगर टायर पांच या छह साल से ज्यादा पुराने हैं तो उन्हें बदल देना बेहतर रहेगा, क्योंकि समय के साथ रबर सख्त हो जाता है और सड़क पर पकड़ कम हो जाती है.
इसके साथ ही वाइपर भी सही स्थिति में होने चाहिए. अगर वाइपर पुराने हो गए हैं या ठीक से पानी साफ नहीं कर रहे हैं, तो उन्हें बदल देना चाहिए. जिन इलाकों में ज्यादा बारिश होती है, वहां हर दो साल में वाइपर बदलना अच्छा माना जाता है.
सभी लाइट्स की जांच करें
मानसून में कम विजिबिलिटी सबसे बड़ी समस्या होती है. इसलिए हर दिन निकलने से पहले यह सुनिश्चित करें कि कार की हेडलाइट, टेललाइट, ब्रेक लाइट और फॉग लाइट सही तरीके से काम कर रही हैं. इससे न केवल आपको सड़क साफ दिखाई देगी, बल्कि दूसरे वाहन चालकों को भी आपकी कार आसानी से नजर आएगी.
चलते समय Hazard Light का गलत इस्तेमाल न करें
बारिश के दौरान कई लोग गाड़ी चलाते समय Hazard Lights चालू कर देते हैं, जबकि ऐसा करना सही नहीं माना जाता है. अगर आप सामान्य रूप से ड्राइव कर रहे हैं तो Hazard Lights की बजाय हेडलाइट्स का इस्तेमाल करें. Hazard Lights केवल उस स्थिति में इस्तेमाल करनी चाहिए जब वाहन सड़क किनारे खराब होकर खड़ा हो या किसी आपात स्थिति में हो. इससे अन्य वाहन चालकों को सही संकेत मिलता है.
लंबे समय तक कार कवर में न रखें
जो लोग अपनी कार का इस्तेमाल कम करते हैं, वे अक्सर उसे Car Cover से ढककर रखते हैं. हालांकि यह धूल और धूप से बचाने में मदद करता है, लेकिन बारिश के मौसम में इसके नीचे नमी जमा हो सकती है. ये नमी धीरे-धीरे जंग लगने की प्रक्रिया को तेज कर सकती है. इसलिए समय-समय पर Car Cover हटाकर कार को हवा लगने दें. अगर कार किसी छत के नीचे पार्क है तो बारिश के मौसम में Car Cover हटाकर रखना बेहतर हो सकता है.
Windscreen Coating भी है फायदेमंद
आजकल बाजार में Windscreen Coating और Rain Repellent Spray जैसे कई प्रोडक्ट उपलब्ध हैं. ये विंडशील्ड पर पानी को टिकने नहीं देते और बूंदें आसानी से नीचे फिसल जाती हैं. इससे खासकर रात में ड्राइविंग के दौरान विजिबिलिटी बेहतर रहती है. कुछ कोटिंग्स सामने से आने वाली लाइट की चमक को भी कम करने में मदद करती हैं. इनका असर आमतौर पर कुछ महीनों तक रहता है और मानसून के लिए यह काफी उपयोगी मानी जाती हैं.
पुरानी कार में करवा लें एंटी-रस्ट कोटिंग
आजकल आने वाली ज्यादातर नई कारों में फैक्ट्री से ही Anti-Rust Coating होती है, इसलिए नई कारों में इसकी जरूरत नहीं पड़ती. हालांकि अगर आपकी कार पुरानी है और आप समुद्र तटीय इलाके में रहते हैं, जहां जंग जल्दी लगती है, तो अतिरिक्त Anti-Rust Coating करवाना फायदेमंद हो सकता है.
कार में जरूरी सामान हमेशा रखें
बारिश के मौसम में कार में कुछ जरूरी सामान हमेशा मौजूद होना चाहिए. इनमें Tyre Inflator, First Aid Kit, Flashlight और Warning Triangle शामिल हैं. इसके अलावा छाता, रेनकोट और हल्के स्नैक्स भी कार में रखना उपयोगी हो सकता है, खासकर अगर आपको लंबे ट्रैफिक जाम में फंसना पड़े.
बारिश में ड्राइविंग के दौरान रखें इन बातों का ध्यान
अगर सड़क पर हल्का जलभराव है तो कार को कम स्पीड और थोड़ा ज्यादा इंजन RPM पर चलाएं. ऑटोमैटिक कार चलाने वाले जरूरत पड़ने पर First Gear या D1 मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं.
ड्राइविंग के दौरान अपने आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें. इससे अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में दुर्घटना का खतरा काफी कम हो जाता है और आपको प्रतिक्रिया देने के लिए ज्यादा समय मिलता है. घर से निकलने से पहले मौसम और ट्रैफिक की जानकारी जरूर देखें. इससे आप अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे और जलभराव या भारी ट्रैफिक वाले रास्तों से बच सकते हैं.
ये भी पढ़ें: 10 लाख के अंदर आती हैं ये कारें, सेफ्टी में मिली है 5 स्टार रेटिंग, नई-नवेली Brezza भी लिस्ट में शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं