विज्ञापन

Summer Car Care 2026: तपती धूप में अपनी कार को 'ओवरहीटिंग' से कैसे बचाएं? देखें टॉप 5 टिप्स

Summer car care : गर्मियों में कार की देखभाल थोड़ी ज्यादा सावधानी से की जाए, ताकि न सिर्फ आपकी कार सुरक्षित रहे बल्कि आपका सफर भी आरामदायक बना रहे.

Summer Car Care 2026: तपती धूप में अपनी कार को 'ओवरहीटिंग' से कैसे बचाएं? देखें टॉप 5 टिप्स

कार के लिए गर्मियों का मौसम बेहद चैलेंजिंग होता है. जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है वैसे-वैसे ही कार गरम होने लगती है. लगातार तेज धूप और गर्मी में चलने से कार के कई हिस्सों पर दबाव बढ़ जाता है. इसका असर इंजन, टायर, बैटरी और कार के अंदरूनी हिस्सों पर ज्यादा पड़ता है. अगर समय रहते इन चीजों का ध्यान न रखा जाए, तो अचानक खराबी आ सकती है और आपको बीच रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

इसलिए जरूरी है कि गर्मियों में कार की देखभाल थोड़ी ज्यादा सावधानी से की जाए, ताकि न सिर्फ आपकी कार सुरक्षित रहे बल्कि आपका सफर भी आरामदायक बना रहे.

Latest and Breaking News on NDTV

1. कूलेंट लेवल की जांच करें - गर्मी के मौसम में आपकी कार का कूलिंग सिस्टम बहुत ज्यादा काम करता है. इसलिए इंजन कूलेंट का सही लेवल बनाए रखना बेहद जरूरी है. अगर कूलेंट कम हो जाए या खराब हो जाए, तो इंजन ज्यादा गर्म हो सकता है, जिससे बड़ा नुकसान भी हो सकता है. इसके साथ ही रेडिएटर और पाइप में कहीं लीकेज तो नहीं है, यह भी समय-समय पर चेक करते रहना चाहिए. यह छोटी सी सावधानी आपको बड़े खर्च से बचा सकती है.

2. टायर प्रेशर पर रखें नजर - गर्मी में टायर के अंदर की हवा फैल जाती है, जिससे टायर का प्रेशर बढ़ सकता है. इससे टायर फटने का खतरा भी रहता है. इसलिए गर्मियों में टायर प्रेशर को नियमित रूप से चेक करना बहुत जरूरी है. हमेशा कंपनी द्वारा बताए गए प्रेशर के मुताबिक ही हवा भरवाएं. साथ ही टायर में दरार या ज्यादा घिसावट तो नहीं है, यह भी ध्यान दें क्योंकि गर्मी में रबर जल्दी खराब होता है.

3. बैटरी की सेहत का ख्याल - ज्यादा तापमान कार की बैटरी के लिए भी नुकसानदायक होता है. गर्मी की वजह से बैटरी का फ्लूइड कम हो सकता है, जिससे उसकी लाइफ घट जाती है. बैटरी के टर्मिनल साफ रखें और अगर आपकी बैटरी 2-3 साल पुरानी है, तो उसे एक बार जरूर चेक करवा लें. इससे अचानक बैटरी डाउन होने की समस्या से बचा जा सकता है.

ये भी पढ़ें - कार के टायर्स बदलने का सही समय कब होता है? जानिए ये 5 असली संकेत

4. एयर कंडीशनिंग की सर्विस - गर्मी में अगर कार का AC सही से काम नहीं करे, तो सफर काफी मुश्किल हो सकता है. अगर आपको कूलिंग कम लग रही है, बदबू आ रही है या हवा कम आ रही है, तो तुरंत चेक कराएं. कभी-कभी सिर्फ केबिन एयर फिल्टर साफ करने या बदलने और गैस भरवाने से AC की परफॉर्मेंस काफी बेहतर हो जाती है.

5. इंटीरियर को बचाएं धूप से - लगातार धूप में खड़ी रहने से कार के अंदरूनी हिस्से खराब हो सकते हैं. सीट, डैशबोर्ड और प्लास्टिक पार्ट्स फीके पड़ सकते हैं या उनमें दरार आ सकती है. इससे बचने के लिए आप सनशेड का इस्तेमाल कर सकते हैं या कार को छाव में पार्क करें. सीट कवर का उपयोग भी इंटीरियर को सुरक्षित रखने में मदद करता है. इससे जब आप कार में वापस बैठेंगे, तो अंदर का तापमान भी थोड़ा कम रहेगा.

अगर आप इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हैं, तो गर्मियों में भी आपकी कार का सफर आरामदायक रहेगा. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com