Maruti Suzuki ने भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार, Wagon R Bioflex की डिलीवरी शुरू कर दी है. कंपनी ने दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में इसके पहले बैच के तहत 13 ग्राहकों को इस नई ग्रीन-कार की चाबियां सौंपी.
बता दें, मारुति सुजुकी वैगनआर बायोफ्लेक्स को इस तरह से तैयार किया गया है कि यह गाड़ी एथेनॉल और पेट्रोल के किसी भी मिश्रण पर बेहद आसानी से दौड़ सकती है. यह कार E85 पर भी बिना किसी परेशानी के चल सकती है. इसके लिए मारुति ने इसके इंजन, फ्यूल इंजेक्टर्स और फ्यूल पंप को खास तौर पर अपग्रेड किया है ताकि एथेनॉल की वजह से इंजन में जंग या किसी अन्य तरह की तकनीकी समस्या पैदा न हो.
इस फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि एथेनॉल मुख्य रूप से गन्ने, मक्के और कृषि के बचे हुए कचरे से तैयार होता है जो कि पूरी तरह से रिन्यूएबल है. पेट्रोल के मुकाबले एथेनॉल से चलने पर यह कार बहुत ही कम कार्बन उत्सर्जन करती है जिससे हवा साफ रहती है.
भारत हर साल विदेशों से कच्चा तेल खरीदने के लिए अरबों रुपये खर्च करता है. Wagon R Bioflex जैसी गाड़ियों के बाजार में आने से घरेलू स्तर पर बने बायोफ्यूल का इस्तेमाल बढ़ेगा, जिससे देश की विदेशी मुद्रा की भारी बचत होगी और देश का पैसा सीधे हमारे किसानों की जेब में जाएगा.
E100 फ्यूल क्या है, क्या ये पेट्रोल की जगह ले सकता है? जानिए इसके फायदे और नुकसान
मारुति सुजुकी अपनी इस फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को धीरे-धीरे अपने अन्य पॉपुलर मॉडल्स में भी शामिल करने की योजना बना रही है. आने वाले कुछ सालों में जब देश में एथेनॉल पंपों का नेटवर्क पूरी तरह से तैयार हो जाएगा, तब यह तकनीक भारतीय सड़कों पर राज करेगी और महंगे पेट्रोल के युग का हमेशा के लिए अंत कर देगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं