इन दिनों एथेनॉल मिश्रित ईंधन यानी E20 फ्यूल की चर्चा हर तरफ है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसी खबर वायरल होने लगी जिसने पुरानी और नई गाड़ी मालिकों की रातों की नींद उड़ा दी. इंटरनेट पर दावा किया जाने लगा कि अगर आप अपनी गाड़ी में E20 फ्यूल डालते हैं और उससे गाड़ी खराब होती है, तो इंश्योरेंस कंपनियां क्लेम देने से मना कर सकती हैं. इस वायरल होती खबर को देखते हुए भारत की सबसे बड़ी बीमा कंपनियों में से एक, ICICI Lombard ने सामने आकर एक बेहद जरूरी सफाई जारी की है.
ICICI Lombard ने क्या दी सफाई?
लगातार बढ़ते भ्रम को देखते हुए ICICI Lombard जनरल इंश्योरेंस ने आधिकारिक बयान जारी कर इस अफवाह को पूरी तरह से खारिज किया. कंपनी ने साफ तौर पर कहा है कि E20 ईंधन का इस्तेमाल करने के बावजूद ग्राहकों की मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी पूरी तरह से वैध रहेगी. कंपनी पुरानी गाड़ियों में E20 फ्यूल के इस्तेमाल को किसी भी तरह की लापरवाही या गलती नहीं मानती है.
E100 फ्यूल क्या है, क्या ये पेट्रोल की जगह ले सकता है? जानिए इसके फायदे और नुकसान
क्लेम पास होने का असली पैमाना क्या है?
बीमा कंपनी ने साफ किया है कि गाड़ियों के इंश्योरेंस क्लेम का फैसला इस बात से नहीं होता कि गाड़ी में कौन-सा ईंधन डाला गया है. क्लेम हमेशा इस बात पर तय होते हैं कि पॉलिसी में कौन-कौन से जोखिम कवर किए गए हैं. आपकी गाड़ी में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी या E20 में से कोई भी फ्यूल हो, क्लेम की प्रक्रिया पर इसका कोई असर नहीं पड़ता. अगर आपकी गाड़ी का एक्सीडेंट होता है, चोरी होती है या थर्ड-पार्टी लायबिलिटी का मामला बनता है, तो कंपनी नियमानुसार क्लेम पास करेगी.
यानी कंपनी के इस फैसले ने साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है. अगर आपका क्लेम सामान्य पेट्रोल या डीजल के साथ पास होने योग्य है, तो वह E20 ईंधन के साथ भी उतना ही मान्य होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं