अगर आप भी साल के अंत में अपने लिए Maruti की कोई नई कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे थे, तो आपके बजट पर अब थोड़ा ज्यादा भार पड़ने वाला है. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने अपनी पॉपुलर गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी का बड़ा ऐलान कर दिया है. ये नई कीमतें 22 नवंबर 2026 से प्रभावी रूप से पूरे देश में लागू हो चुकी हैं. कंपनी ने अपने लाइन-अप में मौजूद 14 सबसे पॉपुलर मॉडल्स की कीमतों को बढ़ा दिया है. कीमत में 25 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. यानी Baleno, Swift, Dzire, Victoris और Jimny जैसी कारें खरीदने के लिए आपको ज्यादा खर्च करने होंगे. आइए, आपको नई कीमतों के बारे में डिटेल्स बताते हैं.
इन गाड़ियों के बढ़ गए दाम
इस नए प्राइस हाइक की लिस्ट में सबसे ऊपर Maruti की फ्लैगशिप एमपीवी Invicto का नाम है. इसके दाम में सीधे 25 हजार रुपये तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली सेडान Dzire, प्रीमियम सेडान Victoris, सबसे पॉपुलर हैचबैक Swift, ऑफ-रोडर Jimny और प्रीमियम हैचबैक Baleno के दाम में भी 10 हजार रुपये तक का इजाफा किया गया है.
वहीं, बजट सेगमेंट की बात करें तो बेस्ट-सेलिंग SUV Brezza, कमर्शियल सेडान Tour S, फैमिली कार Ertiga, बजट हैचबैक S-Presso, WagonR, प्रीमियम 6-सीटर XL6 और स्पोर्टी कॉम्पैक्ट SUV Fronx के दाम में 5 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही, Maruti की सबसे भरोसेमंद मल्टी-परपज वैन Eeco की कीमतों में भी 2,500 रुपये तक का इजाफा किया गया है.

ये बढ़ोतरी अलग-अलग वेरिएंट्स के हिसाब से अलग है, जहां कुछ मॉडल्स के ऑटोमैटिक गियरबॉक्स वाले CNG AGS वेरिएंट्स पर पूरे 10 हजार रुपये की अधिकतम बढ़ोतरी लागू हुई है. रिपोर्ट के अनुसार, नई स्विफ्ट के VXi CNG AGS वेरिएंट की कीमत अब 10 हजार रुपये बढ़कर 8,02,400 रुपये हो गई है, जबकि बलेनो के Delta CNG AGS वेरिएंट के दाम भी बढ़कर 8,42,400 रुपये पर पहुंच गए हैं.
अब कितनी है इन कारों की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत?
- प्रीमियम सेगमेंट: सबसे महंगी Invicto की शुरुआती कीमत अब 25.27 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि Victoris की शुरुआती कीमत 10.60 लाख रुपये और ऑफ-रोडर Jimny की शुरुआती कीमत 12.69 लाख रुपये हो गई है.
- हैचबैक और सेडान सेगमेंट: नई Dzire अब 6.33 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर मिलेगी. वहीं, ग्राहकों की ऑल-टाइम फेवरेट Swift की शुरुआती कीमत 5.84 लाख रुपये और प्रीमियम Baleno की शुरुआती कीमत 5.99 लाख रुपये तय की गई है.
- SUV और यूटिलिटी सेगमेंट: बेस्ट-सेलिंग Brezza की शुरुआती कीमत अब 7.55 लाख रुपये, प्रीमियम 6-सीटर XL6 की कीमत 11.67 लाख रुपये और स्पोर्टी Fronx की कीमत 6.95 लाख रुपये हो गई है.
- बजट और फैमिली सेगमेंट: बड़ी फैमिली के लिए पॉपुलर Ertiga की शुरुआती कीमत अब 8.95 लाख रुपये से शुरू होगी, जबकि बजट कारों में S-Presso की शुरुआती कीमत 3.50 लाख रुपये, WagonR की शुरुआती कीमत 4.99 लाख रुपये और Eeco की शुरुआती कीमत 5.31 लाख रुपये हो गई है.
क्यों बढ़ रही हैं Maruti की कारों की कीमतें?
Maruti सुजुकी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में इस बढ़ोतरी के पीछे की वजह को साफ किया है. कंपनी का कहना है कि गाड़ियों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले इनपुट पार्ट्स की लागत में लगातार भारी बढ़ोतरी हो रही है. कंपनी लंबे समय से इस बढ़े हुए खर्च का बोझ खुद उठाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब वो उपाय पर्याप्त साबित नहीं हो रहे हैं. इसलिए, इस बढ़ते फाइनेंशियल दबाव के एक हिस्से का बोझ अब मजबूरन ग्राहकों पर डालना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें | 1700KM की रेंज और लग्जरी फीचर्स, 1-BHK फ्लैट बन जाती है ये SUV, जानें कीमत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं