विज्ञापन

आज से महंगी हो गईं मारुति सुजुकी की कारें, मुनाफा करीब 27% घटते ही कंपनी ने ग्राहकों को दिया झटका, इस साल चौथी बार बढ़ाए दाम

Maruti Suzuki Price Hike: मारुति सुजुकी ने 22 नवंबर 2026 से चुनिंदा कारों के दाम 0.31% बढ़ा दिए हैं, जो 2026 में कंपनी की चौथी कीमत बढ़ोतरी है. जानिए कंपनी ने क्यों लिया ये फैसला.

आज से महंगी हो गईं मारुति सुजुकी की कारें, मुनाफा करीब 27% घटते ही कंपनी ने ग्राहकों को दिया झटका, इस साल चौथी बार बढ़ाए दाम
Maruti Suzuki November Price Hike: मुनाफा करीब 27% घटते ही मारुति सुजुकी ने फिर बढ़ाए कारों के दाम, जानें कब और कितनी बार महंगी हुईं गाड़ियां
NDTV इंडिया

अगर आप मारुति सुजुकी की कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो अब आपको इसके लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. देश की सबसे बड़ी कार कंपनियों में शामिल Maruti Suzuki ने 2026 में चौथी बार अपनी कुछ कारों की कीमतें बढ़ा दी हैं. कंपनी ने 22 नवंबर यानी आज से चुनिंदा मॉडल की कीमतों में करीब 0.31% की बढ़ोतरी लागू कर दी है. कंपनी ने इसकी वजह लगातार बढ़ता लागत का दबाव बताया है.एक तरफ कंपनी की कारें महंगी हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ दूसरी तिमाही में उसके प्रॉफिट और ऑपरेटिंग मार्जिन में गिरावट दर्ज की गई है.

आज से कितनी महंगी होंगी मारुति की कारें?

मारुति सुजुकी ने रविवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि कंपनी ने कुछ चुनिंदा मॉडल की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है. यह बढ़ोतरी 22 नवंबर 2026 से लागू हो गई है. कंपनी के मुताबिक, चुनिंदा मॉडल की वॉल्यूम-वेटेड एवरेज कीमत में करीब 0.31% की बढ़ोतरी होगी.

कंपनी ने कहा कि लागत कम करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, लेकिन महंगाई और लगातार बढ़ते खर्च के कारण कीमतों में बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया है. हालांकि, कंपनी की कोशिश है कि बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ ग्राहकों पर न पड़े और उन पर इसका असर कम से कम हो.

2026 में चौथी बार बढ़ाए कारों के दाम

मारुति सुजुकी ने इस साल अपनी कारों की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी की है. सितंबर 2026 में कंपनी ने चुनिंदा मॉडल की कीमतें 20,000 रुपये तक बढ़ाई थीं. उस समय भी कंपनी ने महंगाई और इनपुट कॉस्ट बढ़ने को इसकी वजह बताया था. इससे पहले अगस्त 2026 में Arena और Nexa दोनों रेंज की कारों के दाम 30,000 रुपये तक बढ़ाए गए थे. वहीं, जून 2026 में भी कंपनी ने अपने पूरे फोर-व्हीलर पोर्टफोलियो में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी. यानी नवंबर की बढ़ोतरी इस साल कंपनी का चौथा बड़ा प्राइस हाइक है.

दूसरी तिमाही में 26.9% गिरा मारुति का प्रॉफिट

कारों की कीमतें बढ़ाने के बीच हाल में कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजे भी सामने आए हैं. वित्त वर्ष 2027 की जुलाई-सितंबर तिमाही में मारुति सुजुकी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 26.9% गिरकर 2,415 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 3,300 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुनाफा दर्ज किया था.हालांकि, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 26% बढ़कर 53,340 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 42,332 करोड़ रुपये था.

ऑपरेटिंग प्रॉफिट और मार्जिन में भी गिरावट

कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी EBITDA भी 6.3% घटकर 4,764 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की दूसरी तिमाही में ऑपरेटिंग मार्जिन 12% था, जो इस बार घटकर 8.9% पर आ गया. इसके अलावा, तिमाही के दौरान कंपनी की दूसरी इनकम भी 966 करोड़ रुपये से घटकर 430 करोड़ रुपये रह गई. वहीं, टैक्स खर्च में भी गिरावट आई और यह पिछले साल के 988 करोड़ रुपये से घटकर 751 करोड़ रुपये पर आ गया.

यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: क्या 3.833 होगा फिटमेंट फैक्टर? 69,000 रुपये हो सकती है मिनिमम सैलरी, एरियर पर बड़ा अपडेट

यह भी पढ़ें | आज हर महीने खर्च करते हैं 1 लाख रुपये, तो 10-20 साल बाद कितने पैसे की होगी जरूरत? महंगाई कैसे बिगाड़ेगी बजट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MAruti Suzuki Price Hike, Maruti Suzuki Price Hike 2026, Maruti Suzuki Earnings, Maruti Suzuki Car Prices Hike, Maruti Suzuki Q2 Results
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com