चीन में कुछ बच्चों ने खेल-खेल में एक शख्स की 5.04 करोड़ रुपये की लाल रंग की Ferrari 488 GTB कार को खेल का मैदान बना दिया. मामला दक्षिण-पश्चिम चीन के युन्नान के कुनमिंग शहर का है. यहां एक सोसाइटी के बाहर एक आलीशान लाल रंग की Ferrari 488 GTB पार्क थी. इस कार की कीमत करीब 3.6 मिलियन युआन यानी 5.04 करोड़ रुपये है. जब कार का मालिक अपने बिजनेस ट्रिप से वापस आया, तो कार की हालत देखकर उसके होश उड़ गए.
CCTV फुटेज चेक करने पर पता चला कि पड़ोस के 10 साल से कम उम्र के चार बच्चों ने इस महंगी कार को एक खिलौना समझ लिया था. बच्चे कार के शीशों और हुड पर चढ़कर उसे स्लाइड की तरह इस्तेमाल कर रहे थे. इतना ही नहीं, बच्चों के हाथों में बांस के डंडे भी थे, जिससे उन्होंने कार पर कई वार किए.
बच्चों की इस नादानी की वजह से सुपरकार को बहुत भारी नुकसान पहुंचा है. कार के बोनट, छत, फेंडर्स, टेल लाइट्स और खिड़कियों पर गहरे स्क्रैच आ गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक कार के फ्रंट बम्पर पर एक बड़ा क्रैक यानी दरार भी आ गई है. लोकल रिपोर्ट्स की मानें तो इस आइकॉनिक कार को बिल्कुल पहले जैसा ठीक कराने का खर्च करीब 100,000 युआन यानी लगभग 95 लाख रुपये आ रहा है. हालांकि, अगर आफ्टरमार्केट (लोकल) पार्ट्स का इस्तेमाल किया जाए, तो इस खर्च को घटाकर 27.95 लाख रुपये तक लाया जा सकता है.
Renault ने लॉन्च किया Kwid का नया अवतार, सिर्फ 4.53 लाख में आएगी ये कार, जानिए कमाल के फीचर्स
कार मालिक ने सीधे पुलिस से संपर्क किया. पुलिस की मौजूदगी में बच्चों के माता-पिता के साथ दो बार बातचीत की गई ताकि आपसी सहमति से मामला सुलझ सके. लेकिन बच्चों के पैरेंट्स का रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना रहा. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, 95 लाख के नुकसान के बदले पैरेंट्स ने केवल 5,000 युआन (करीब 4.75 लाख रुपये) का मुआवजा देने की बात कही. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उन्होंने अपने बच्चों से इस गलती के लिए माफी तक नहीं मंगवाई.
अब कोर्ट में होगा फैसला
माता-पिता के इस बर्ताव और कम मुआवजे से कार मालिक बेहद नाराज हो गया. उसने बातचीत का रास्ता बंद करने का फैसला किया. मालिक ने साफ कर दिया कि वह इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा और अब उसने पैरेंट्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है. कार मालिक अब कानूनी रास्ते से मरम्मत का पूरा खर्च वसूलने की तैयारी में है.
क्या खास है इस Ferrari 488 GTB में?
जिस कार को बच्चों ने नुकसान पहुंचाया है, वह कोई आम गाड़ी नहीं है. Ferrari 488 GTB दुनिया भर के कार प्रेमियों के बीच एक बेहद लोकप्रिय मॉडल है. इस सुपरकार में ट्विन-टर्बोचार्ज्ड V8 इंजन लगा है, जो 661 हॉर्सपावर की ताकत जेनरेट करता है. फरारी ने इस मॉडल को साल 2015 से 2020 के बीच बनाया था, जो 458 इटालिया के बाद आई थी. यह कार अपनी रफ्तार, लुक और ब्रांड वैल्यू के लिए जानी जाती है, जिसके एक स्क्रैच की कीमत भी लाखों में होती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं