Hyundai Bayon Launched In India: Hyundai Motor India ने भारतीय बाजार में अपनी नई SUV Hyundai Bayon को लॉन्च कर दिया है. भारत में इस मिड-साइज SUV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी गई है. इस नए मॉडल के बाजार में आने से मिड-साइज SUV सेगमेंट में Hyundai की पकड़ और मजबूत हो जाएगी, जहां ये कंपनी की सबसे पॉपुलर कार Hyundai Creta के साथ मिलकर ग्राहकों को एक बेहतरीन ऑप्शन देगी.
आपको बता दें कि कंपनी ने Hyundai Bayon की बुकिंग आधिकारिक तौर पहले ही शुरू कर चुकी है. ग्राहक इसको 11,000 रुपये का टोकन अमाउंट देकर Hyundai की ऑफिशियल वेबसाइट या किसी भी अधिकृत डीलरशिप पर जाकर इसे बुक कर सकते हैं. भारतीय बाजार में इसका सीधा मुकाबला Maruti Suzuki Victoris और इस सेगमेंट की अन्य गाड़ियों से होगा.
स्पोर्टी स्प्लिट हेडलैंप्स और कूपे-स्टाइल डिजाइन
Hyundai की ये नई SUV Bayon दिखने में बेहद मस्कुलर और मॉडर्न लगती है. इसकी कुल लंबाई 4,245mm, चौड़ाई 1,810mm और इसका व्हीलबेस 2,600mm का है. इसके साथ ही खराब और ऊंचे-नीचे रास्तों पर आसानी से चलने के लिए इसमें 205mm का शानदार ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है. इसके फ्रंट में दो हिस्सों में बंटा हुआ स्प्लिट हेडलैंप सेटअप मिलता है. बोनट के किनारे पर पतली LED DRLs दी गई हैं, जबकि मेन हेडलाइट्स को नीचे बम्पर में फिट किया गया है. साइड प्रोफाइल में मस्कुलर व्हील आर्च, शार्प लाइन्स और बेहद खूबसूरत पेटल-स्टाइल अलॉय व्हील्स मिलते हैं. इसके काले पिलर्स गाड़ी को हवा में तैरती हुई छत जैसा लुक देते हैं.
पीछे की तरफ पतले LED टेल-लैंप्स मिलते हैं जो आपस में एक काली पट्टी के जरिए जुड़े हुए हैं. डिक्की के दरवाजे पर बड़े अक्षरों में 'Bayon' लिखा हुआ है. इसके अलावा स्पोर्टी रूफ स्पॉइलर और दोहरे रंग का बम्पर इसके लुक को पूरा करता है. लंबी यात्राओं पर ढेर सारा सामान रखने के लिए इसमें 505 लीटर का बड़ा बूट स्पेस (डिक्की) दिया गया है.
Hyundai Bayon के फीचर्स
Hyundai Bayon के केबिन में एक साथ जुड़ी हुई दो बड़ी 12.3-इंच की स्क्रीन्स का सेटअप दिया गया है, जिसमें एक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और दूसरी मुख्य टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के रूप में काम करती है. ये पूरा सिस्टम NVIDIA चिपसेट पर पावर्ड होता है. ये ऑनलाइन नेविगेशन, स्प्लिट-स्क्रीन और क्विक मेन्यू को काफी फास्ट चलाता है.

इस कार की सबसे बड़ी USP ये है कि इसमें Hyundai का पहला जनरेटिव AI वॉयस असिस्टेंट दिया गया है. ये Perplexity और SoundHound AI की तकनीक पर काम करता है. इसकी मदद से ड्राइवर बिल्कुल इंसानों की तरह बातचीत करके मौसम, यात्रा के रास्ते, होटल, रेस्टोरेंट और नजदीकी पर्यटन स्थलों की जानकारी आसानी से पा सकता है. इस कार में 70 से अधिक फीचर्स को सपोर्ट करने वाला 'Hyundai Bluelink' इंटरनेट कनेक्टिविटी सिस्टम दिया गया है. इसके साथ ही इसका पूरा सिस्टम भारत की 10 क्षेत्रीय भाषाओं और 2 विदेशी भाषाओं को सपोर्ट करता है. बिना इंटरनेट के भी काम करने वाले 500 से अधिक वॉयस कमांड्स अंग्रेजी, हिंदी, हिंग्लिश, तमिल, बंगाली और तेलुगु में उपलब्ध हैं.
दमदार 1.5-लीटर इंजन और माइलेज
Hyundai Bayon में 1.5-लीटर का चार-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 115 bhp की मैक्सिमम पावर और 144 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. ये पावर लगभग क्रेटा के पेट्रोल मॉडल के बराबर है. Hyundai Bayon में ग्राहकों को 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और Hyundai के बेहद स्मूथ iVT (इंटेलीजेंट वेरिएबल ट्रांसमिशन) का ऑप्शन मिलता है. इसके iVT मॉडल में ओवरटेकिंग को आसान बनाने के लिए एक स्पेशल 'Dash Boost' मोड दिया गया है. इसके अलावा स्पोर्टी ड्राइविंग के लिए पैडल शिफ्टर्स और Eco, Normal और Sport ड्राइविंग मोड्स दिए गए हैं.
कंपनी का दावा है कि इसके ऑटोमैटिक (CVT/iVT) वेरिएंट के साथ 18.6 किमी/लीटर का शानदार माइलेज मिलता है. कंपनी ने जानकारी दी है कि साल 2027 तक Hyundai Bayon का iVT सीएनजी वेरिएंट भी लॉन्च होगा.

Hyundai Bayon की सेफ्टी
इस कार की बॉडी को बनाने में 69% एडवांस हाई-स्ट्रेंथ स्टील का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें हॉट-स्टैम्पड कंपोनेंट्स शामिल हैं. ये टेक्नोलॉजी किसी भी दुर्घटना के समय टक्कर के असर को केबिन के अंदर जाने से रोकती है और यात्रियों को पूरी तरह सुरक्षित रखती है. Hyundai Bayon में 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और Hyundai SmartSense Level 2 Pro ADAS सुरक्षा किट दी गई है. इस एडास सुरक्षा कवच में कुल 23 एडवांस फंक्शन्स मिलते हैं, जो 3 रडार और 12 पार्किंग सेंसरों की मदद से काम करते हैं.
इनमें आगे की टक्कर से बचाने वाला Forward Collision-Avoidance Assist, ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, लेन कीपिंग असिस्ट, ड्राइवर का ध्यान भटकने पर अलार्म बजाने वाला Driver Attention Warning और गाड़ी से सुरक्षित बाहर उतरने के लिए Safe Exit Warning जैसे बेहतरीन फीचर्स शामिल हैं. पार्किंग को सुरक्षित बनाने के लिए इसमें रियर क्रॉस-ट्रैफिक कॉलिजन एवायडेंस, 360-डिग्री सराउंड व्यू मॉनिटर और ब्लाइंड-स्पॉट व्यू मॉनिटर मिलता है. इसके साथ ही हाईवे पर सफर को आसान बनाने के लिए Smart Cruise Control (स्टॉप एंड गो के साथ), लेन फॉलोइंग असिस्ट और हाईवे ड्राइविंग असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें | 27KM का माइलेज, सनरूफ, कीमत 5.70 लाख से शुरू, देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं