चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण के बाद हाल ही में इस यात्रा की पुष्टि हुई है. जहां एक तरफ इस यात्रा पर कूटनीतिक नजरें टिकी होंगी, वहीं ऑटोमोबाइल के शौकीनों की नजरें Xi Jinping की आधिकारिक सरकारी गाड़ी पर होंगी. वे अपने साथ अपनी गाड़ी Hongqi N701 लेकर आ सकते हैं. ये खासतौर पर तैयार की गई बड़ी कार है.
Xi Jinping के साथ भारत आ सकती है Hongqi N701
N701 कोई आम शोरूम मॉडल नहीं है. इसे 'Hongqi' ब्रांड ने खास तौर पर तैयार किया है. इसका मतलब "लाल झंडा" होता है. इस कार का इस्तेमाल शी जिनपिंग अपनी विदेश यात्राओं के दौरान करते आए हैं. उनकी हालिया मिस्र यात्रा और उससे पहले अमेरिका, रूस व हांगकांग के दौरे शामिल हैं.
जानकारों के अनुसार, आने वाले दशक में इस विशेष N701 मॉडल की केवल 50 यूनिट्स ही बनाई जाएंगी, जिनका इस्तेमाल केवल आधिकारिक सरकारी कामों के लिए होगा. Hongqi ने सार्वजनिक रूप से इस कार के टेक्निकल स्पेफिकेशन्स या इसमें मिलने वाले सुरक्षा फीचर्स का खुलासा नहीं किया है.

Hongqi N701
Hongqi N701 की खासियतें
Hongqi N701 की लंबाई लगभग 5.5 मीटर (करीब 18 फीट) बताई जाती है. ये गाड़ी काफी हद तक होंगकी की L5 लिमोजिन से मेल खाती है. आपको बता दें कि L5 वही गाड़ी है जिसे साल 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा के दौरान इस्तेमाल किया गया था. लेकिन इसका लुक और डिजाइन इसे आम प्रोडक्शन मॉडल H9 से काफी अलग और खास बनाता है.
माना जाता है कि इस कार में 21-इंच के बुलेटप्रूफ टायर्स, बुलेटप्रूफ ग्लास और मजबूत आर्मर प्लेटिंग का इस्तेमाल किया गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ये कार छोटे बम धमाकों के असर को आसानी से झेल सकती है. इसमें एक एडवांस एयर-कंप्रेशन सिस्टम दिया गया है, जो केमिकल हमले की स्थिति में केबिन के अंदर बैठे लोगों को सुरक्षित रखता है. पावर की बात करें तो इसमें 6.0-लीटर का V12 इंजन मिलता है, जो करीब 408 hp की पावर जनरेट करता है. हालांकि, कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इसके आउटपुट की पुष्टि नहीं की है. होंगकी V8 इंजन भी बनाती है जिसका इस्तेमाल इस सरकारी गाड़ी में हो सकता है.

Hongqi N701
लिमोजिन जैसी दिखती है ये चीनी कार
दिखने में N701 एक बेहद ट्रेडिशनल लिमोजिन जैसी लगती है. इसके फ्रंट प्रोफाइल में क्रोम फिनिश और वर्टिकल स्लैट्स वाली एक बड़ी और ऊंची ग्रिल दी गई है. जिसके साथ डार्क हेडलैंप्स मिलते हैं. कार के बोनट पर रेड कलर का फ्लैग निशान काफी शानदार लगता है. छोटे लाल बैज इसके फ्रंट फेंडर्स पर भी दिए गए हैं. विंडो के चारों तरफ क्रोम, मोटे बी-पिलर्स और साधारण एलईडी टेल-लैंप्स इसके लुक को पूरा करते हैं. किसी आधुनिक लग्जरी कार की तरह दिखावटी स्टाइलिंग के बजाय, N701 का डिजाइन बेहद पारंपरिक रखा गया है.
चीन में Hongqi का सफर
साल 1958 में स्थापित हुई होंगकी कंपनी का इतिहास चीनी सरकार और वहां के बड़े राजकीय आयोजनों से बेहद गहराई से जुड़ा रहा है. शुरुआत में ये आम जनता के लिए गाड़ी बनाने के बजाय केवल वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के लिए कारें बनाती थी.
हाल के सालों में होंगकी ने आम ग्राहकों के लिए भी लग्जरी सेडान, SUVs और इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बाजार में उतारा है और खुद को एक बड़े लग्जरी कार ब्रांड के रूप में स्थापित किया है. लेकिन इन सबके बावजूद, N701 आज भी चीन के सबसे ऐतिहासिक सरकारी वाहन के रूप में अपनी पारंपरिक भूमिका को सीधे दिखाता है.
ये भी पढ़ें- किस शहर में सबसे सस्ती मिल रही है नई Maruti Baleno? ऑन-रोड कीमत आई सामने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं