अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं और एक नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो दिल्ली सरकार ने आपके लिए एक ऐसा ऑफर पेश किया है जिसे आप चाहकर भी ठुकरा नहीं पाएंगे. प्रदूषण से निपटने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नई 'दिल्ली ईवी पॉलिसी 2026' को लागू कर दिया गया है. इस पॉलिसी के तहत सरकार ने कार खरीदारों के सबसे बड़े सिरदर्द यानी रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस पर सीधे कैंची चला दी है. अब दिल्ली में चुनिंदा इलेक्ट्रिक कारों को खरीदने पर आपको जीरो रोड टैक्स देना होगा. सिर्फ इतना ही नहीं, अगर आप अपनी पुरानी पेट्रोल-डीजल कार को स्क्रैप करते हैं, तो सरकार सीधे आपके बैंक खाते में भारी-भरकम रकम भी ट्रांसफर करेगी.
क्या है दिल्ली सरकार की जीरो रोड टैक्स स्कीम?
दिल्ली सरकार ने नई ईवी पॉलिसी 2026 के तहत इलेक्ट्रिक कारों पर 100 प्रतिशत रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन चार्ज माफ करने का एलान किया है. हालांकि, इस बंपर स्कीम का फायदा उठाने के लिए सरकार ने एक छोटी-सी शर्त रखी है. यह टैक्स छूट केवल उन्हीं इलेक्ट्रिक कारों पर मिलेगी जिनकी एक्स-शोरूम कीमत 30 लाख रुपये से कम है. 30 लाख से ऊपर की प्रीमियम कारों पर आपको सामान्य टैक्स देना होगा. इस नियम के बाद मिड-बजट सेगमेंट की कारों की डिमांड तेजी से बढ़ गई है.
इन पॉपुलर कारों पर मिलेगा पूरा फायदा
अगर आप सोच रहे हैं कि इस लिस्ट में कौन-कौन सी गाड़ियां शामिल हैं, तो बता दें कि भारत की सबसे पसंदीदा इलेक्ट्रिक कारें इस दायरे में आती हैं. Tata, Mahindra, Maruti और MG जैसी कंपनियों की गाड़ियां अब बेहद सस्ती पड़ेंगी:-
Tata Motors: Tiago EV, Punch EV, Nexon EV, Curvv EV, Sierra EV और Harrier EV के बेस मॉडल्स.
Mahindra: XUV400, नई BE 6 और XEV 9e के शुरुआती वेरिएंट्स.
MG Motor: Comet EV, Windsor EV और ZS EV के चुनिंदा मॉडल्स.
Maruti & Toyota: मारुति की अपकमिंग e-Vitara और टोयोटा अर्बन क्रूजर इबेला भी इस छूट के दायरे में हैं.
उदाहरण के तौर पर, Tata Tiago EV (6.99 लाख रुपये) या Tata Punch EV (9.69 लाख रुपये) जैसी बजट कारों पर अब ग्राहकों को रोड टैक्स के नाम पर एक भी रुपया नहीं देना होगा. इसके अलावा MG Windsor EV और हाल ही में लॉन्च हुई महिंद्रा की धांसू गाड़ियों पर भी लाखों रुपये की बचत होगी.
EV खरीदने से पहले सिर्फ रेंज और कीमत नहीं, इन 5 खुफिया फीचर्स को करें चेक
पुरानी गाड़ी स्क्रैप करो और पाओ 1 लाख रुपये
दिल्ली सरकार केवल नई कार खरीदने पर ही छूट नहीं दे रही है, बल्कि सड़कों से पुरानी और प्रदूषण फैलाने वाली डीजल-पेट्रोल गाड़ियों को हटाने के लिए भी बड़ा कदम उठा रही है. सरकार ने इसके लिए 1,500 करोड़ रुपये का एक विशेष फंड तैयार किया है. अगर आप अपनी पुरानी आईसीई (Internal Combustion Engine) गाड़ी को स्क्रैप सेंटर में देकर नई इलेक्ट्रिक कार खरीदते हैं, तो सरकार आपको सीधे 1,00,000 रुपये (एक लाख रुपये) का फ्लैट स्क्रैपेज इंसेंटिव यानी नकद लाभ देगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं