विज्ञापन

बस 2 घंटे में दिल्ली से पटना.. आ गई सबसे तेज इलेक्ट्रिक कार, टॉप स्पीड 500 Km/h पार

चीनी कार निर्माता BYD की इलेक्ट्रिक सुपरकार Yangwang U9 Xtreme ने अबू धाबी के हाईवे पर 503.17 km/h की रफ्तार पकड़कर इतिहास रच दिया है. यानी आप केवल 2 घंटे में दिल्ली से पटना पहुंच सकते हैं.

बस 2 घंटे में दिल्ली से पटना.. आ गई सबसे तेज इलेक्ट्रिक कार, टॉप स्पीड 500 Km/h पार
Yangwang U9 Xtreme
BYD

इलेक्ट्रिक कार अब टॉप स्पीड के मामले में भी पीछे नहीं है. चीनी ऑटोमोबाइल दिग्गज BYD की इलेक्ट्रिक सुपरकार Yangwang U9 Xtreme ने दुनिया भर के कार शौकीनों को हैरान करते हुए प्रोडक्शन व्हीकल्स के लिए एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है. एक हाई-स्पीड चैलेंज के दौरान इस सुपरकार ने 503.17 km/h की टॉप स्पीड हासिल कर इतिहास रच दिया है. आपको बता दें कि इस रिकॉर्ड को इंटरनेशनल ऑटोमोबाइल फेडरेशन (FIA) और Guinness World Records ने आधिकारिक तौर पर मान्यता दे दी है. इसी के साथ U9 Xtreme दुनिया की पहली ऐसी प्रोडक्शन कार बन गई है जिसने आधिकारिक तौर पर 500 km/h की लिमिट की बाउंड्री को तोड़ा है.

कैसे बना ये ऐतिहासिक रिकॉर्ड?

ये कारनामा अबू धाबी के अल धफरा क्षेत्र में स्थित शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान रोड (E11 हाईवे) पर किया गया. इस चैलेंज के दौरान प्रोफेशनल रेसिंग ड्राइवर Marc Basseng कार के स्टीयरिंग व्हील पर थे, जिन्होंने सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हाईवे के एक बंद हिस्से पर इस गाड़ी को 503.17 km/h की रफ्तार पर दौड़ाया.

ये नया रिकॉर्ड इस गाड़ी के अपने ही पिछले रिकॉर्ड (496.22 km/h) के मुकाबले 6.95 km/h बेहतर है, जो इसने सितंबर 2025 में जर्मनी के ATP Papenburg टेस्टिंग फैसिलिटी में बनाया था. अगर गणित के हिसाब से समझें तो 503.17 km/h की रफ्तार पर चलते हुए ये सुपरकार हर एक सेकंड में लगभग 140 मीटर की दूरी तय कर रही थी. इससे पहले के सभी टेस्ट जहां प्राइवेट ट्रैक्स पर किए गए थे, वहीं ये नया टेस्ट पहली बार असली सड़क और नेचुरल माहौल में किया गया, जहां गाड़ी को रेगिस्तानी धूल, तेज हवाओं और वहां के अत्यधिक गर्म तापमान का सामना करना पड़ा.

Yangwang U9 Xtreme का पावरफुल पावरट्रेन

इस सुपरकार की बेमिसाल ताकत का राज इसके हुड के नीचे छिपा है. U9 Xtreme को एक बेहद एडवांस 1,200V के हाई-वोल्टेज प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. इसमें चार बेहद पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर्स लगी हैं जो 30,000 rpm की हैरान करने वाली स्पीड तक घूम सकती हैं. ये मोटर्स मिलकर 2,220 kW यानी लगभग 2,977 hp की पावर जनरेट करती हैं, जबकि FIA के आंकड़ों के मुताबिक इसकी कुल पावर 3,000 hp से भी ज्यादा बैठती है. इतनी खतरनाक स्पीड पर कार की सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए इसके टायर्स, ब्रेकिंग सिस्टम, कूलिंग आर्किटेक्चर और बॉडी कंट्रोल सिस्टम को खासतौर से अल्ट्रा-हाई-स्पीड ड्राइविंग के हिसाब से मॉडिफाई और ट्यून किया गया है.

नूर्बर्गरिंग ट्रैक पर भी मनवाया है अपना लोहा

ये पहली बार नहीं है जब Yangwang U9 Xtreme ने इतिहास रचा है. इससे पहले अगस्त 2025 में इसने जर्मनी के मशहूर नूर्बर्गरिंग नॉर्डशलीफे ट्रैक पर केवल 6 मिनट और 59.157 सेकंड में अपना लैप पूरा किया था. इसी के साथ ये ट्रैक पर 7 मिनट की सीमा को तोड़ने वाली दुनिया की पहली मास-प्रोड्यूस्ड (बड़े पैमाने पर बनने वाली) इलेक्ट्रिक सुपरकार बनी थी.
इस कार में कमाल के एयरोडायनामिक अपग्रेड्स मिलते हैं, जिसमें आगे की तरफ बड़ा कार्बन स्प्लिटर, रियर डिफ्यूजर, डुअल-चैनल हुड और पीछे की तरफ एक ऊंचा स्वान-नेक स्पॉइलर शामिल है. इसका एडवांस टॉर्क वेक्टरिंग सिस्टम हर एक सेकंड में 100 बार खुद को एडजस्ट करता है, जिससे कार को प्रति टन 1,200 hp की पावर मिलती है. BYD दुनिया भर में इस सुपरकार की केवल 30 यूनिट्स ही तैयार करेगी.

दिल्ली से पटना की दूरी लगभग 1000 किलोमीटर है. यानी आप केवल 2 घंटे में दिल्ली से पटना पहुंच सकते हैं. हालांकि, भारत में ये लॉन्च होगी या नहीं, वह देखने वाली बात होगी और फिलहाल भारत की सड़कें इतनी स्पीड के लिए तैयार नहीं हैं.

यह भी पढ़ें | 449 KM रेंज, पैनोरमिक सनरूफ, कीमत बस 4.69 लाख से शुरू, बेस्ट और बजट-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक कारें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Car, Electric Car, BYD, Electric Car Specification
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com