Bharat Taxi Cab Service Launch: ओला, उबर और इनड्राइव जैसी कैब सर्विस के बीच आज से एक और नई सर्विस की औपचारिक शुरुआत हो रही है, नाम है- भारत टैक्सी. केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह इसका शुभारंभ करने वाले हैं. भारत टैक्सी, दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों में ओला, उबर जैसी कैब सर्विस को चुनौती देगी. पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर दिल्ली में पिछले कुछ महीने से ये सर्विस चल रही थी और अब, आज से इसकी औपचारिक शुरुआत हो रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत टैक्सी के पायलट प्रोजेक्ट में टॉप परफॉर्मेंस करने वाले कैब ड्राइवर्स को भी आज सम्मानित किया जाएगा. उन्हें दुर्घटना बीमा और पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा.
भारत टैक्सी को ड्राइव करने वालों को ड्राइवर नहीं बल्कि सारथी कहा जाएगा. केंद्र का दावा है कि सारथी ही इस सर्विस के मालिक होंगे, कारण कि इस सर्विस का इस्तेमाल करते हुए आप जो भी किराया देंगे, सीधे ड्राइवर के खाते में ही जाएगा. ओला-उबर की तरह राइड के बाद फेयर में से कमीशन नहीं काटा जाएगा.
कैसे काम करेगा ये भारत टैक्सी?
भारत टैक्सी को केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय और NeGD यानी नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन ने मिलकर तैयार किया है. केंद्र ने इसके लिए सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड के साथ MoU किया है. ये प्राइवेट कंपनी की तरह नहीं, बल्कि एक को-ऑपरेटिव की तरह होगा. इसलिए इसमें ड्राइवर भी को-ऑनर होंगे.
इस सेवा को सहकार टैक्सी ऑपरेट करेगी, जबकि संचालन के लिए एक काउंसिल बनाई गई है. दूध वाली सहकारी कंपनी के बारे में तो आपने सुना ही होगा जो अमूल ब्रैंड नाम से प्रॉडक्ट बनाती है, उसी के एमडी जयेन मेहता को काउंसिल का चेयरमैन बनाया गया है. अलग-अलग को-ऑपरेटिव कमिटी के 8 अन्य सदस्य इसमें शामिल हैं.
आप कैसे कर पाएंगे इस सर्विस का इस्तेमाल?
इस सेवा का इस्तेमाल करना ओला-उबर ऐप यूज करने जितना आसान है. इसके लिए एंड्रॉयड यूजर्स को गूगल प्ले स्टोर से, जबकि आईफोन यूजर्स को एप्पल स्टोर से 'भारत-टैक्सी' ऐप इंस्टॉल करना होगा. बताया जा रहा है कि ये हिंदी और अंग्रेजी के अलावा गुजराती और मराठी में भी एवलेबल होगा.
सबसे खास बात ये है कि ये मेंबरशिप प्लान बेस्ड होगा और इसके तहत ड्राइवर्स को हर राइड की 100 फीसदी कमाई मिलेगी. उन्हें केवल मेंबरशिप प्लान के तहत दैनिक, साप्ताहिक या मासिक आधारित चार्ज देना होगा. कहा जा रहा है कि ये चार्ज मामूली होगा. बताया जा रहा है कि इस सेवा का विस्तार दिल्ली के अलावा मुंबई, पुणे, भोपाल, लखनऊ, जयपुर समेत 20 शहरों में होगा.
आपको मिलेगा सर्ज प्राइसिंग से छुटकारा
भारत टैक्सी में सर्ज प्राइसिंग से भी राहत मिलेगी. जहां दूसरे कैब एग्रीगेटर्स सुबह और शाम, खासकर ऑफिस टाइम या अन्य पीक ऑवर या फिर खराब मौसम के समय ट्रैफिक के नाम पर बढ़ा हुआ किराया वसूलते हैं, वहीं भारत टैक्सी में इस समस्या से भी निजात मिलेगी. इसका सीधा फायदा आपको मिलेगा. बता दें कि बीते 1 जुलाई से मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइन (MVAG) 2025 के अनुसार, कैब एग्रीगेटर्स को पीक ऑवर के दौरान बेस फेयर से दोगुना तक चार्ज करने की अनुमति मिल गई है और ऐसे में वे खुले तौर पर मनमाना किराया वसूलते हैं.
कैब, ऑटो के साथ बाइक सर्विस भी
भारत टैक्सी में आपको कैब और ऑटो के अलावा बाइक सर्विस भी मिलेगी. आप अपनी जरूरत और बजट के अनुसार, राइड का चुनाव कर सकेंगे. भारत टैक्सी में आपकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है. सभी कैब चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन होगा. यही नहीं, इस ऐप में लाइव लोकेशन शेयरिंग और इमरजेंसी SOS बटन जैसे फीचर्स भी हैं. ताकि आपको किसी भी तरह की परेशानी होने पर हेल्पलाइन की सुविधा मिल सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं