एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई के खिलाफ 204 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी 15 वर्षीय वैभव की पारी से काफी प्रभावित नजर आए. कैफ ने सोशल मीडिया पर वैभव की तारीफ करते हुए उन्हें भविष्य का सुपरस्टार तक बता दिया. एक्स पर पोस्ट करते हुए कैफ ने लिखा, "53 गेंदों पर 204 रन, 28 छक्के. वैभव सूर्यवंशी रिकॉर्ड टूटने का इंतजार नहीं कर रहा, वह क्रिकेट का इतिहास दोबारा लिख रहा है. एक सुपरस्टार तैयार हो रहा है."
204 of just 53 balls, 28 sixes. Vaibhav Sooryavanshi is not waiting for records to be broken, he is rewriting cricket history. A superstar in the making!
— Mohammad Kaif (@MohammadKaif) November 24, 2026
कैफ ने इसके साथ एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने उन लोगों को जवाब दिया जो वैभव की सफलता को देखकर कहते हैं कि उसे अभी तैयार किया जा रहा है. कैफ ने कहा कि वैभव को "ग्रोम" किए जाने की बात करने वालों को उसके कारनामे पर ध्यान देना चाहिए.
Record Breaker! https://t.co/i2DhyxDznt
— Mohammad Kaif (@MohammadKaif) November 24, 2026
कैफ ने कहा, "जो लोग कहते हैं कि यह 15 साल का लड़का है और इसे तैयार किया जा रहा है, मैं उन्हें उसका कारनामा जोड़कर बताना चाहता हूं. वह एक रिकॉर्ड ब्रेकर है." इसके साथ ही कैफ ने आईपीएल 2026 में वैभव के प्रदर्शन का भी जिक्र किया. कैफ का कहना था कि वैभव को अब तैयार नहीं किया जा रहा, बल्कि वह पहले से ही एक स्वाभाविक टैलेंट के रूप में सामने आया है. उन्होंने कहा कि आईपीएल में दिखी उनकी बल्लेबाजी और अब एशिया कप में खेली गई यह पारी बताती है कि वह "पैदायशी ग्रूम्ड खिलाड़ी" है.
मंगलवार को यूएई के खिलाफ मुकाबले में वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट के कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. उन्होंने 16 गेंदों में अर्धशतक, 28 गेंदों में शतक, 40 गेंदों में 150 रन और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया. अंत में वह 53 गेंदों पर 204 रन बनाकर आउट हुए.
अपनी इस ऐतिहासिक पारी में वैभव ने 28 छक्के लगाए, जो एक लिस्ट-ए पारी में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इसके साथ ही उन्होंने 28 गेंदों में शतक लगाकर जेक फ्रेजर-मैकगर्क का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं