अभी BRICKS 2026 का आयोजन हो रहा है. इसमें हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर के पावरफुल लीडर्स दिल्ली पहुंचे हैं. लेकिन जब दुनिया के बड़े नेता किसी अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के लिए पहुंचते हैं, तो उनके काफिले (मोटरकेड) भी कूटनीति का अहम हिस्सा बन जाते हैं. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के काफिलों में उनकी गाड़ियां भी दिलचस्पी का हिस्सा बनी है.
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग Hongqi N701 से यात्रा करते हैं तो वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने साथ Aurus Senat लेकर चलते हैं. दोनों ही कारों को तकनीकी आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय प्रतिष्ठा और संप्रभु सुरक्षा को दिखाने के लिए डिजाइन किया गया है. अभी ये दोनों गाड़ियां इस समय BRICS शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली में मौजूद हैं.
#NDTVatBRICS | होंगकी N701 है जिनपिंग की सबसे पसंदीदा कार, जानिए क्या है इसकी खासियत#BRICSSummit2026 | #BharatKaVishwas | #SucharitaKukretiNDTV | @sucherita_k pic.twitter.com/2GOERwlR4Q
— NDTV India (@ndtvindia) September 11, 2026
Aurus Senat
व्लादिमीर पुतिन आमतौर पर करीब दो दर्जन से अधिक गाड़ियों के बड़े काफिले के साथ सफर करते हैं. अपनी विदेश यात्राओं के दौरान वे अपनी पर्सनल Aurus Senat लिमोजिन का ही इस्तेमाल करते हैं. इस कार को अक्सर "सड़क पर चलता-फिरता किला" कहा जाता है. ये एक फुल-साइज, भारी बख्तरबंद लग्जरी सेडान कार है. इसे रूस के 'कोर्तेज' (Kortezh) प्रोजेक्ट के तहत विदेशी स्टेट कारों (जैसे मर्सिडीज या रोल्स-रॉयस) को रिप्लेस करने के लिए विशेष रूप से डेवलप किया गया था.

Image Source- AFP
Aurus Senat को पहली बार साल 2018 में पेश किया गया था और इसे 'Aurus Motors ने बनाया है. इसका डिजाइन सोवियत काल की प्रसिद्ध ZIS-110 लिमोजिन से प्रेरित है. ये इसे एक बेहद गंभीर और शाही लुक देता है और रूस के ऐतिहासिक राजकीय गौरव को दर्शाता है.
स्टैंडर्ड Aurus Senat में 4.4-लीटर का ट्विन-टर्बो V8 हाइब्रिड इंजन मिलता है. ये करीब 598 hp की पावर और 880 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसे 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम के साथ जोड़ा गया है. इसके अलावा कंपनी ने इसका एक V12 हाइब्रिड मॉडल भी डेवलप किया है. ये भारी-भरकम लिमोजिन महज छह सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड करीब 249 किमी/घंटे तक जाती है.
सुरक्षा के लिहाज से इसमें बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये भारी गोलाबारी, गोलियों, ग्रेनेड धमाकों और लैंडमाइन विस्फोटों के असर को आसानी से झेल सकता है. इसके शीशे कई सेंटीमीटर मोटे और मल्टी-लेयर बुलेट-प्रूफ ग्लास से बने हैं. इसके अलावा इसमें रन-फ्लैट टायर्स दिए गए हैं जो फटने के बाद भी दौड़ सकते हैं. इसमें एक रीइन्फोर्स्ड सुरक्षित फ्यूल टैंक, इमरजेंसी एग्जिट गेट, केमिकल अटैक की स्थिति के लिए एक इंडिपेंडेंट ऑक्सीजन और एयर-फिल्ट्रेशन सिस्टम और आग बुझाने वाले आधुनिक उपकरण दिए गए हैं.
इस कार का एक सिविलियन वर्जन भी बेहद लिमिटेड संख्या में बेचा जाता है. जिसकी कीमत लगभग 1.8 करोड़ रूबल (करीब 2.5 करोड़ रुपये) है. रूस के लिए ऑरस न केवल सुरक्षा का जरिया है, बल्कि ये मर्सिडीज-मायबाक और रोल्स-रॉयस जैसी विदेशी कारों के मुकाबले अपनी खुद की स्वदेशी क्षमता का एक दमदार प्रदर्शन भी है.
Hongqi N701
चीन की राष्ट्रपति लिमोजिन Hongqi N701 भी इसी तरह के कूटनीतिक और तकनीकी संदेश को दर्शाती है. Hongqi का शाब्दिक अर्थ "लाल झंडा" होता है. ये ब्रांड लंबे समय से चीन के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व और कम्युनिस्ट पार्टी के रसूख से जुड़ा रहा है. माना जाता है कि N701 की लंबाई 5.5 मीटर से अधिक और इसका वजन तीन टन से भी ज्यादा है. जिसका एक बड़ा कारण इसमें इस्तेमाल किया गया बख्तरबंद ढांचा और हैवी सुरक्षा सिस्टम है.

हालांकि, चीन सरकार इसकी सटीक सुरक्षा डिटेल्स का कभी खुलासा नहीं करती है. लेकिन माना जाता है कि N701 में भारी आर्मर प्लेटिंग, बुलेट-प्रूफ ग्लास, रीइन्फोर्स्ड बॉडी और 21-इंच के बुलेट-प्रूफ व्हील्स व टायर्स दिए गए हैं. कार में एक इंडिपेंडेंट लाइफ-सपोर्ट सिस्टम और अत्यधिक सुरक्षित कम्यूनिकेशन टूल्स भी मिलते हैं. जिससे राष्ट्रपति सफर के दौरान भी सुरक्षित तरीके से अपना सरकारी काम और बातचीत जारी रख सकें.
पावर के लिए इसमें 6.0-लीटर का V12 इंजन दिए जाने की उम्मीद है जो करीब 408 hp की पावर जनरेट करता है. हालांकि होंगकी V8 इंजन भी बनाती है जिसका इस्तेमाल इस लिमोजिन में किया जा सकता है. इसका डिजाइन होंगकी L5 से काफी मिलता-जुलता है. आपको बता दें के ये वही फ्लैगशिप मॉडल है जिसे साल 2025 में पीएम नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा के दौरान पेश किया गया था. लेकिन N701 आकार में उससे ज्यादा लंबी, अधिक सुरक्षित और केवल चीन के शीर्ष नेतृत्व के लिए ही आरक्षित है.
बीजिंग के लिए N701 केवल एक गाड़ी नहीं है. ये इस बात का साफ संकेत है कि चीन को अपनी सुरक्षा के लिए अब विदेशी ब्रांड्स की कोई जरूरत नहीं है और वह खुद लग्जरी गाड़ियों का अपना पूरा इकोसिस्टम स्वदेशी तौर पर तैयार कर सकता है.
ये भी पढ़ें- BRICS सम्मेलन के लिए दिल्ली आ रहे Xi Jinping, इस कार में करेंगे सफर, फीचर्स देख उड़ेंगे होश!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं