विज्ञापन

5 साल तक जिस कंपनी के लिए दिन-रात काम किया, उसी ने एक मीटिंग में कर दिया बाहर, लड़की का रिएक्शन देख भावुक हुए लोग

साढ़े पांच साल तक Wipro में काम करने वाली एक कर्मचारी की अचानक छंटनी हो गई. उन्होंने अपने भावुक वीडियो में कहा कि शायद ये भगवान का इशारा है. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उन्हें हिम्मत बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं.

5 साल तक जिस कंपनी के लिए दिन-रात काम किया, उसी ने एक मीटिंग में कर दिया बाहर, लड़की का रिएक्शन देख भावुक हुए लोग
(P.C- Instagram)

सोचिए, आप रोज की तरह ऑफिस की एक मीटिंग में शामिल हों और कुछ मिनट बाद पता चले कि अब आपकी नौकरी ही नहीं रही. दिल्ली की एक लड़की के साथ बिल्कुल ऐसा ही हुआ. साढ़े पांच साल तक Wipro में काम करने के बाद उसे अचानक बताया गया कि अब कंपनी को उसकी जरूरत नहीं है. नौकरी जाने का दर्द तो था ही, लेकिन सबसे ज्यादा लोगों का दिल उसकी उस बात ने जीत लिया, जब उसने कहा, 'शायद ये भगवान का इशारा है.' अब उसका भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और हजारों लोग उसके जज्बे की तारीफ कर रहे हैं.

रूटीन मीटिंग समझकर गई, लेकिन जिंदगी बदल गई

दिल्ली की रहने वाली अनुकृति विद्यार्थी Wipro कंपनी में मार्केटिंग और कम्युनिकेशन कोऑर्डिनेटर के तौर पर काम कर रही थीं. 29 जून को उन्हें लगा कि HR और मैनेजर के साथ एक सामान्य मीटिंग होने वाली है. लेकिन कुछ ही देर में उन्हें बताया गया कि उनकी मौजूदगी अब कंपनी के लिए जरूरी नहीं रही. ये सुनते ही वो हैरान रह गईं. जिस कंपनी में उन्होंने साढ़े पांच साल दिए, वहां से अचानक विदा लेना उनके लिए बेहद मुश्किल था.

सबसे बड़ा डर, अब हर महीने सैलरी नहीं आएगी

वीडियो में लड़की ने कहा कि नौकरी जाने के बाद सबसे बड़ी चिंता हर महीने मिलने वाली तय सैलरी की है. अब आगे दूसरी नौकरी मिलेगी या खुद का कोई काम शुरू करेंगी, इसे लेकर वो खुद भी असमंजस में हैं. उन्होंने माना कि फिलहाल भविष्य को लेकर उनके मन में कई सवाल हैं.

'शायद भगवान मुझे नई राह दिखाना चाहते थे'

इतनी बड़ी परेशानी के बावजूद लड़की ने हार नहीं मानी. उसने कहा कि अगर कंपनी से नहीं निकाला जाता तो शायद वो कभी खुद नौकरी छोड़ने की हिम्मत नहीं करती. इसलिए अब उसे लगता है कि शायद भगवान उसे जिंदगी में कुछ नया करने का इशारा दे रहे थे. इसी सोच ने उसके वीडियो को लोगों के बीच खास बना दिया.

सोशल मीडिया पर मिला भरपूर साथ

वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने लड़की का हौसला बढ़ाया. किसी ने लिखा कि छंटनी अब कॉर्पोरेट दुनिया की सच्चाई बन चुकी है, तो किसी ने कहा कि यही मुश्किल आगे चलकर नई सफलता की वजह बन सकती है. कई यूजर्स ने अपने एक्सपीरियंस भी शेयर किए और लड़की को उम्मीद बनाए रखने की सलाह दी. यही वजह है कि ये वीडियो सिर्फ नौकरी छूटने की कहानी नहीं, बल्कि मुश्किल हालात में भी सकारात्मक सोच बनाए रखने की मिसाल बन गया.

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)

ये भी पढ़ें:-'गुमशुदा' गौरैया का मिल गया पता...इस हवेली का नजारा देख नहीं होगा खुद की आंखों पर यकीन! 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com