जब जिंदगी सब कुछ छीन लेती है तो इंसान या तो बिखर जाता है या फिर खुद को पहले से ज्यादा मजबूत बना लेता है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो दूसरी तस्वीर दिखा रहा है. दरअसल, पति के जाने के बाद इस महिला ने आंसुओं में डूबने के बजाय वही ऑटो संभाल लिया, जिसे कभी उसके जीवनसाथी चलाते थे. दो बच्चों की जिम्मेदारी, पुलिस बनने का सपना और चेहरे पर हिम्मत की मुस्कान. उसकी कहानी लाखों लोगों की आंखें नम कर रही है और हर किसी को यह एहसास दिला रही है कि असली ताकत मुश्किल वक्त में हार न मानने का नाम है.
पति का ऑटो ही बना सहारा
वीडियो में आप देख सकते हैं कि महिला के पति की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. परिवार की जिम्मेदारी अचानक उसके कंधों पर आ गई. ऐसे में उसने वही ऑटो रिक्शा चलाना शुरू कर दिया, जिसे कभी उसका पति चलाया करता था. इसी काम से वह अपने दो बच्चों का पालन-पोषण कर रही है.
सपना अभी भी है जिंदा
महिला सिर्फ ऑटो चलाकर घर नहीं चला रही, बल्कि अपने भविष्य को बेहतर बनाने की कोशिश भी कर रही है. यात्रियों का इंतजार करते समय वह पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी करती है. यही जज्बा लोगों को सबसे ज्यादा प्रेरित कर रहा है.
वीडियो को मिले लाखों व्यूज
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर ahmedabad_ni_rickshaw_vadi नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. अब तक इसे 15 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि करीब 1.39 लाख लोग इसे लाइक कर चुके हैं.
वीडियो पर लोगों ने किए इमोशनल कमेंट
वीडियो पर लोग इमोशनल होकर अपने कमेंट दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "ये लोग ही असली हीरे हैं." दूसरे ने कहा, "वह एक क्वीन हैं." वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, "इस दुनिया में मां से बड़ा योद्धा कोई नहीं होता." कई लोगों ने दिल वाले इमोजी के साथ महिला के हौसले को सलाम किया. यह वीडियो बता रहा है कि हिम्मत और मेहनत से हर मुश्किल का सामना किया जा सकता है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: ब्लिंकइट राइडर को मिली 500 रुपये की टिप, दिल छू लेने वाला वीडियो किया शेयर
यह भी पढ़ें: 'घोड़ा गाड़ी तो देखी थी, आज कुत्ता गाड़ी भी देख ली...' बच्चे का देसी जुगाड़ देख लोग बोले- 'ये तो बचपन का सपना था'
यह भी पढ़ें: 5 साल तक जिस कंपनी के लिए दिन-रात काम किया, उसी ने एक मीटिंग में कर दिया बाहर, लड़की का रिएक्शन देख भावुक हुए लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं