विज्ञापन

'समोसा हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं'...इस डिश को देख समोसा प्रेमियों के दिलों पर चली छुरिया!

चाय की चुस्की के साथ समोसे का इश्क तो सुना था, पर यहां तो मिक्सी में डालकर उसका कत्ल-ए-आम कर दिया गया. सोशल मीडिया पर वायरल इस 'समोसा कटलेट' ने इंटरनेट का हाजमा खराब कर दिया है, जिसे देख समोसा प्रेमी कह रहे हैं, 'बस यही देखना बाकी रह गया था.'

'समोसा हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं'...इस डिश को देख समोसा प्रेमियों के दिलों पर चली छुरिया!
समोसे का 'कत्ल'! मिक्सी में पीसकर बना डाला 'अजीब' कटलेट, वीडियो देख भड़के समोसा प्रेमी

Samosa cutlet viral video: आजकल सोशल मीडिया पर व्यूज के चक्कर में खाने के साथ ऐसे-ऐसे 'अत्याचार' हो रहे हैं कि देखकर रूह कांप जाए. ताजा मामला उस समोसे का है, जिसे हम बड़े चाव से चटनी के साथ खाते हैं, लेकिन एक भाई साहब ने तो हद ही कर दी. समोसे को मिक्सी में डालकर ऐसा हश्र किया कि सोशल मीडिया पर जनता कह रही है, 'भाई...बस भी करो.'

शाम की चाय और गर्मा-गर्म समोसा, ये कॉम्बिनेशन भारतीयों के लिए किसी इश्क से कम नहीं है, लेकिन हाल ही में एक्स (Twitter) पर @GSVKapoor नाम के हैंडल से शेयर हुए एक वीडियो ने समोसा प्रेमियों के कलेजे पर सांप लोटवा दिए हैं. वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे बचे हुए समोसों का 'पुनर्जन्म' कराकर उन्हें एक नई और अजीबोगरीब डिश में तब्दील किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें:-गजब की मार्केटिंग! शहद असली है या नकली? बंदे का सूजा हुआ चेहरा दे रहा है गवाही

समोसे की शामत, मिक्सी में पिसाई (Samosa Recipe Viral Video)

यकीन मानिए, इस रेसिपी को देखकर आपको समोसे के लिए हमदर्दी होने लगेगी. वीडियो बनाने वाले शख्स ने बताया कि जब रेस्टोरेंट में समोसे बच जाते हैं, तो उनका 'कत्लेआम' कैसे होता है. सबसे पहले समोसों को टुकड़े-टुकड़े करके मिक्सी के जार में डाला गया, फिर उसमें प्याज, लहसुन, नींबू और टमाटर का तड़का लगाकर ऐसा पेस्ट बनाया गया, जिसे देखकर किसी का भी हाजमा बिगड़ जाए.

बेसन का लेप और खौलता तेल (Weird Food Experiments)

इस विचित्र पेस्ट में बेसन, नमक और जीरा पाउडर मिलाकर छोटे-छोटे गोले तैयार किए गए, फिर इन गोलों को कड़ाही के खौलते तेल में डालकर 'समोसा कटलेट' का नाम दे दिया गया. दावा तो यहां तक किया गया कि रेस्टोरेंट वाले इस जुगाड़ू डिश को असली समोसे से भी महंगे दाम पर बेचते हैं. यह देखकर इंटरनेट की जनता का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है.

ये भी पढ़ें:-आखिर कोरिया में कचरे की थैलियां जमा करने के लिए क्यों मच रही है मारामारी, चौंका देगी वजह

जनता का दर्द...'ये तो समोसा संस्कृति पर हमला है' (Indian street food innovation)

सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होते ही कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. एक यूजर ने दुखी होकर लिखा, 'समोसा हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं.' वहीं एक दूसरे बंदे ने तो इमोशनल होकर कह दिया कि, 'अब बस जहर खाने की देरी है.' लोग सरकार से गुजारिश कर रहे हैं कि ऐसे 'फूड क्रिमिनल्स' को ढूंढकर सख्त सजा दी जाए ताकि चार समोसों का खून जाया न जाए.

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com