Woman sleeps at work: मामला चीन के हेनान प्रांत का है, जहां एक मोहतरमा ने अपनी कंपनी के मालिक को 'वर्क-लाइफ बैलेंस' का ऐसा पाठ पढ़ाया कि बॉस महोदय का शुगर लेवल ही हिल गया. मोहतरमा का कहना था कि उन्हें कंपनी जो पगार दे रही है, वो उनकी मेहनत के सामने 'ऊंट के मुंह में जीरा' है. बस, इसी बात की टीस उनके मन में बैठ गई और उन्होंने दफ्तर में ही अपनी नींद पूरी करने की ठान ली. अब यह मामला सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. क्या है ये 'जितना पैसा-उतना काम' वाला फंडा? आइए जानते हैं इस मजेदार खबर में.
कम सैलरी का 'खतरनाक' बदला! (Daftar mein neend)
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, चीन की एक महिला...काम के बीच में ऐसी सोईं कि, पूरे पांच घंटे बाद ही आंखें खोली. हद तो तब हो गई जब उठने के बाद उसे भूख लगी और उसने बिना पूछे बॉस की मेज पर रखी चॉकलेट चट कर दी. अब किस्मत का खेल देखिए, बेचारे बॉस को शुगर की बीमारी (ग्लूकोपेनिया) थी और उस वक्त उन्हें चीनी की सख्त जरूरत थी. चॉकलेट न मिलने से उनकी हालत बिगड़ने लगी.

बॉस का गुस्सा और महिला की दलील (Boss's Rage and Woman's Argument)
जब बॉस की जान में जान आई, तो उन्होंने आव देखा न ताव, 'मैडम' को सीधा नौकरी से निकालने की धमकी दे दी. बॉस ने चिल्लाकर कहा, 'तुम तो मुझे मारने का इरादा रखती हो', लेकिन ये लेडी भी कम नहीं थीं. उसने रोते हुए वीडियो बनाया और दुनिया को बताया कि कम सैलरी पाने वालों का दर्द कोई नहीं समझता. उसका कहना था कि, 'मैं नौकरी नहीं छोड़ूगी, बल्कि उन्हें ये अहसास दिलाऊंगी कि जितनी सैलरी दोगे, उतना ही काम पायोगे.'
ये भी पढ़ें:-जिसे रक्षक समझा वही निकला भक्षक...4 साल तक जिस कुत्ते को लाड से पाला, उसी ने चबा डाला मालकिन का चेहरा
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस (Social Media Debate on Workplace Ethics)
जैसे ही यह खबर बाहर आई, इंटरनेट पर लोगों ने मजे लेने शुरू कर दिए. कुछ ने कहा कि 'इतनी नींद तो घर पर भी नसीब नहीं होती', तो कुछ ने बॉस का पक्ष लिया. लोगों का तर्क है कि अगर 8 घंटे की शिफ्ट में 5 घंटे सोओगे, तो काम कब करोगे? सरकारी मीडिया ने भी बहती गंगा में हाथ धोते हुए सलाह दे डाली कि ,30 मिनट से ज्यादा की झपकी सेहत के लिए जहर है. कुल मिलाकर, यह मामला अब 'हक की लड़ाई' और 'ऑफिस अनुशासन' के बीच फंस गया है...पर एक बात तो तय है, इस मोहतरमा ने 'काम चोरी' को एक नई फिलॉसफी दे दी है. अब देखना ये है कि बॉस इन्हें झेल पाते हैं या नहीं.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर मिले पोस्ट के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं