विज्ञापन

जंतर-मंतर प्रदर्शन में 150 पिज्जा भेजने का दावा निकला फर्जी, नागालैंड के शख्स ने सोशल मीडिया पर मांगी माफी

यह पूरा घटनाक्रम दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे NEET पेपर लीक विवाद और कॉकरोच जनता पार्टी छात्र आंदोलन से जुड़ा हुआ है.

जंतर-मंतर प्रदर्शन में 150 पिज्जा भेजने का दावा निकला फर्जी, नागालैंड के शख्स ने सोशल मीडिया पर मांगी माफी
इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट करने से पहले यूजर ने डोनेशन के पैसों और बिस्कुट बांटने पर सफाई देते हुए जनता से माफी मांगी है.
Instagram@adiespoems

Viral News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में 150 डोमिनोज पिज्जा भेजने का दावा करने वाले नागालैंड के एक सोशल मीडिया यूजर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है. यूजर ने स्वीकार किया है कि इंटरनेट पर वायरल हुआ पिज्जा का बिल पूरी तरह से नकली था.

सहानुभूति जुटाने के लिए किया था नाटक

इंस्टाग्राम पर जारी एक बयान में यूजर ने लिखा, 'मैंने जो पिज्जा बिल शेयर किया था, वह असली नहीं था.' उसने बताया कि इस पोस्ट के पीछे उसका मकसद लोगों को छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करने और नेक काम करने के लिए प्रेरित करना था. हालांकि, उसने माना कि फर्जी बिल शेयर करना उसकी एक बड़ी गलती थी.

डोनेशन के पैसों पर दी सफाई

यूजर ने पोस्ट के साथ एक क्यूआर (QR) कोड भी शेयर कर डोनेशन जुटाया था. उसने दावा किया कि इसके जरिए कुल 12,000 रुपये से अधिक की राशि इकट्ठा हुई थी. सफाई देते हुए उसने कहा कि इसमें से 5,000 रुपये उसने एक दोस्त के माध्यम से प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए बिस्कुट खरीदने के लिए भेजे हैं, जिसका ट्रांजैक्शन प्रूफ उसके पास है. उसने बाकी बचे पैसे भी छात्रों की मदद में लगाने और उसका हिसाब सार्वजनिक करने का वादा किया है.

इंस्टाग्राम अकाउंट किया डिएक्टिवेट

सच सामने आने के बाद यूजर ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट (@adiespoems) डिएक्टिवेट कर दिया है. हालांकि, उससे पहले ही स्थानीय मीडिया ने उसकी माफी वाले इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट ले लिया था, जो अब वायरल हो रहा है. यूजर ने उन सभी लोगों से माफी मांगी है जिन्हें इस फर्जी पोस्ट से ठेस पहुंची या जो गुमराह हुए.

खूब वायरल हुआ था 68 हजार का बिल

बताते चलें कि सोशल मीडिया पर जो स्क्रीनशॉट वायरल हुआ था, उसमें डोमिनोज पिज्जा का कुल बिल 67,734.18 रुपये दिखाया गया था. बिस्कुट के खर्च को मिलाकर कुल राशि करीब 73,000 रुपये बताई जा रही थी. फर्जी रसीद के मुताबिक, यह ऑर्डर 22 जुलाई 2026 को शाम करीब 4:30 बजे प्लेस किया गया था. पोस्ट में दावा किया गया था कि छात्रों के लिए सामान्य नहीं, बल्कि स्पेशल चीज बर्स्ट (Korean Sweet Chilli & Farmhouse Cheese Burst) पिज्जा ऑर्डर किए गए थे.

वह भावुक संदेश जिसने लोगों का दिल जीता

यूजर ने अपनी फर्जी पोस्ट के साथ एक भावुक संदेश लिखा था, जिसकी वजह से लोगों ने उसे 'हीरो' मान लिया था. उसने लिखा था, 'मैं नागालैंड में बैठा हूं, जबकि हजारों छात्र अपने घर से 2,000 किमी दूर जंतर-मंतर पर एक बेहतर एजुकेशन सिस्टम के लिए लड़ रहे हैं. मैं वहां शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हो सकता, इसलिए मैं दूर रहकर यह छोटा सा योगदान दे रहा हूं.' उसने यह भी दावा किया था कि उसने डिलीवरी बॉय से कहा है कि जो भी भूखा दिखे, उसे यह पिज्जा थमा देना.

ये भी पढ़ें:- फोटोग्राफी का ऐसा जुनून! शख्स ने बनवाया 'कैमरा' जैसा घर, बेटों के नाम रखे- Canon, Nikon और Epson

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Paper Leak, Jantar Mantar Protest, CJP Protest, Dominos Pizza, Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com