VIRAL VIDEO: भारतीय रेलवे सफर को बेहतर बनाने के लिए लगातार बदलाव कर रहा है. आधुनिक इंटीरियर, आरामदायक सीटें और बेहतर सुविधाओं के साथ नई ट्रेनें पटरियों पर उतर रही हैं. अक्सर राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनों के थर्ड एसी (AC 3-Tier) में सफर करने वाले यात्रियों की एक आम शिकायत रही है. कोच के दरवाजे और टॉयलेट के पास वाली सीटों (बर्थ) पर सोने वाले लोग सबसे ज्यादा परेशान रहते हैं. रातभर यात्रियों का आना-जाना, हॉकरों की आवाजें और बार-बार खुलता-बंद होता दरवाजा नींद में खलल डालता है. लेकिन अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ने अपने खास डिजाइन से इस समस्या का तोड़ निकाल लिया है. ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर धनंजय कुमार ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर दिखाया है कि कैसे नई वंदे भारत स्लीपर इस मामले में पुरानी ट्रेनों से कहीं बेहतर है.
क्या है यह खास बदलाव?
वंदे भारत स्लीपर में गेट के पास एक मजबूत स्लाइडिंग डोर (खिसकने वाला दरवाजा) लगाया गया है. इसके अलावा, यात्रियों की बर्थ और मुख्य दरवाजे के बीच खाली जगह (स्पेस) को बढ़ा दिया गया है. सीटें गेट से थोड़ी दूरी पर हैं. इसका सीधा फायदा यह होगा कि बाहर गैलरी में होने वाली हलचल या लोगों के आने-जाने से बर्थ पर लेटे यात्री को कोई परेशानी नहीं होगी.
सोशल मीडिया पर लोग इस डिजाइन की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "आरामदायक सफर के लिए बेहतरीन डिजाइन." वहीं दूसरे ने कहा, "यह वाकई शानदार कदम है, इसे हर ट्रेन में लागू किया जाना चाहिए." साफ है कि रेलवे का यह छोटा सा बदलाव यात्रियों के सफर को बेहद आरामदायक बनाने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं