Taj Mahal Nigh View: दुनिया के 7 अजूबों में शामिल आगरा के ताज महल का दीदार आप रात में भी कर सकते हैं. इस दौरान भीड़ भी नहीं होती है और आपको घूमने के लिए पूरे 30 मिनट का समय मिलता है. ये वो पल होता है जब आप चांद की रोशनी में ताज महल को देखते हैं, जो चांदी जैसा सफेद होते हुए भी हल्का नीला या मोती की तरह चमकता हुआ प्रतीत होता है. इस व्यू के लोग हफ्तों इंतजार करते हैं, लेकिन फिर भी कुछ ही इसे देख पाते हैं, क्योंकि इसे देखने का मौका 1 महीने में सिर्फ 5 दिन ही मिलता है.
2026-27 में अब कब-कब मिलेगा नाइट व्यू का मौका?
एएसआई के आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 के बाद पूर्णिमा की इन तारीखों और इनके दो दिन आगे-पीछे पर आप अपना ट्रिप प्लान कर सकते हैं.
26 सितंबर 2026 (शनिवार)
26 अक्टूबर 2026 (सोमवार)
24 नवंबर 2026 (मंगलवार)
23 दिसंबर 2026 (बुधवार)
22 जनवरी 2027 (शुक्रवार)
21 मार्च 2027 (रविवार)
टिकट की कीमत कितनी है?
सामान्य दिनों में ताज महल सूरज उगने से 30 मिनट पहले खुलता है और सूरत ढलने से से 30 मिनट पहले बंद हो जाता है. इस दौरान अगर आप उसका दीदार करने जाते हैं तो इंडियन्स को 250 रुपये का टिकट खरीदना पड़ता है. लेकिन रात के वक्त ताज महल देखने का टिकट दिन के मुकाबले थोड़ा अलग होता है. अगर आप भारतीय हैं तो आपको 510 रुपये खर्च करने पड़ेंगे. जबकि विदेशी टूरिस्ट को 750 रुपये देने होंगे. हालांकि, 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कोई एंट्री फीस नहीं है.
ताज महल रात में कब खुलता है?
ताज महल में रात की एंट्री रात 8:00 बजे से शुरू होकर 11:59 बजे तक चलती है. परिसर में भीड़ न जुटे और हर कोई सुकून से इस पल को जी सके, इसलिए 50-50 पर्यटकों के 8 बैच बनाए जाते हैं. हर बैच को अंदर रुकने के लिए अधिकतम 30 मिनट का वक्त मिलता है.
आधा घंटे पहले पहुंचा जरूरी है
एंट्री को लेकर नियम बेहद सख्त हैं. आपको अपने टिकट पर दर्ज समय से ठीक आधा घंटा पहले ताज महल के पूर्वी गेट के पास स्थित शिल्पग्राम पहुंचना होगा. यहीं सभी टूरिस्ट्स की सिक्योरिटी चेकिंग होती है. इसके अलावा, गेट पर हर पर्यटक के पास अपना एक ओरिजिनल आईडी होना जरूरी है, जिसके बिना एंट्री नहीं मिलेगी.
कहां और कैसे होगी टिकट बुकिंग?
साल 2026-27 के नियमों के मुताबिक, नाइट व्यू के टिकट अब ऑफलाइन विंडो पर नहीं मिलते. आपको ASI की बुकिंग वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी. नियम यह है कि आप जिस दिन का नाइट व्यू देखना चाहते हैं, उससे ठीक 7 दिन पहले ही आपको पोर्टल से टिकट बुक करना होगा. चूंकि एक रात में कुल 400 लोगों को ही एंट्री मिलती है, इसलिए स्लॉट खुलने के साथ ही बुकिंग कर लेना समझदारी है.
ये जरूरी बातें भी गांठ बांध लें
अपना ट्रिप प्लान करते वक्त इस बात का खास ख्याल रखें कि हर शुक्रवार को ताज महल बंद रहता है, इसलिए शुक्रवार की रात को नाइट व्यू भी नहीं होता. इसके साथ ही, पूरे रमजान के महीने में भी रात के वक्त ताज महल देखने पर पाबंदी रहती है.
ये भी पढ़ें:- लिंक्डइन ने बदली महिला की किस्मत, अचानक सैलरी डबल होते ही छोड़ दिया इंडिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं