आज के समय में नौकरी मिलना जितना बड़ा सपना होता है, उससे कहीं ज्यादा खास वह पल बन जाता है जब माता-पिता अपने बच्चे की सफलता देखते हैं. ऐसा ही एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बेटे के गूगल में नौकरी मिलने पर उसके माता-पिता का रिएक्शन लोगों का दिल जीत रहा है.
यह वीडियो गुरुग्राम के रहने वाले प्रोडक्ट मैनेजर हरनव सिंह ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया. वीडियो की शुरुआत में हरनव अपने माता-पिता को बताते हैं कि उन्हें नई नौकरी का ऑफर मिला है. यह सुनते ही उनके पिता खुशी से मुबारकां कहते हैं, जबकि मां तुरंत बेटे को गले लगा लेती हैं.
इसके बाद हरनव अपने माता-पिता से कंपनी का नाम गेस करने को कहते हैं. बिना एक सेकंड गंवाए उनकी मां कहती हैं, गूगल? जब हरनव हां में जवाब देते हैं तो मां हैरानी और खुशी से पूछती हैं, सच में? और फिर भावुक होकर बेटे को दोबारा गले लगा लेती हैं.
पिता का अंदाज जीत रहा लोगों का दिल
वीडियो में हरनव के पिता का रिएक्शन भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है. बेटे की सफलता से भावुक होकर वह प्यार से उसे हल्का सा थप्पड़ मारते हैं और मुस्कुराते हुए उसे कुत्ता कहकर पुकारते हैं. सोशल मीडिया यूजर्स इसे भारतीय पिता के प्यार जताने का सबसे असली अंदाज बता रहे हैं.
वहीं, हरनव की मां भावुक होकर कहती हैं, मैं हमेशा कहती थी जहां भी शेरे की नौकरी लगेगी, अच्छी ही लगेगी और उसकी पसंद की होगी. ये मेरी गट फीलिंग थी. वीडियो के कैप्शन में हरनव ने लिखा, उनका रिएक्शन मेरी उपलब्धि से बड़ा था. मैंने बस अपने माता-पिता की मुस्कान थोड़ी और बड़ी कर दी.
देखें Video:
सोशल मीडिया पर भावुक हुए लोग
यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इस पर अपनी भावनाएं जाहिर कीं. कई यूजर्स ने इसे माता-पिता की असली खुशी बताया. एक यूजर ने लिखा, यह एक पिता का सबसे असली रिएक्शन है. वह बेहद खुश और गर्व महसूस कर रहे हैं, लेकिन समझ नहीं पा रहे कि रोएं या कैसे अपनी खुशी जताएं.
दूसरे यूजर ने कहा, मां का हाय मेरा बच्चा कहना और पिता का अलग अंदाज, यही तो भारतीय परिवारों की खूबसूरती है. एक अन्य यूजर ने लिखा, हर छात्र जो दिन-रात मेहनत करता है, वह अपने माता-पिता को यही पल देना चाहता है.
परिवार के साथ सफलता सेलिब्रेट करने का ट्रेंड
हाल ही में ऐसा ही एक और वीडियो वायरल हुआ था जिसमें बेंगलुरु के एक टेक प्रोफेशनल ने 26 साल की उम्र में BMW खरीदने का सपना पूरा किया और अपने माता-पिता की खुशी कैमरे में कैद की. सोशल मीडिया पर लोग ऐसे वीडियोज़ को खूब पसंद कर रहे हैं क्योंकि ये सिर्फ सफलता नहीं बल्कि परिवार के सपनों और संघर्षों की कहानी भी दिखाते हैं.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 20 मिनट तक सोता रहा Uber ड्राइवर, खुद हाईवे पर दौड़ती रही Tesla! वायरल Video ने उड़ाए होश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं