Viral Video: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर चैटजीपीटी का '80s वाला फ़ोटो ट्रेंड छाया हुआ है, जो लोगों की लेटेस्ट तस्वीरों को रेट्रो-स्टाइल पोर्ट्रेट में बदल रहा है. कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर ने भी इस वायरल ट्रेंड को ट्राई किया है, और इसका वीडियो बनाकर बुधवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है. खास बात है कि उन्होंने AI से बनीं तस्वीरों के साथ पुराने दिनों की कुछ अनसीन तस्वीरें भी शेयर की हैं, जो इंटरनेट पर आते ही छा गईं. इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर अपनी एक 12 साल पुरानी भूल को भी सुधारा है, जो इस समय का चर्चा बनी हुई है.
शशि थरूर ने क्या भूल की थी?
दरअसल, 11 मार्च 2014 को शशि थरूर ने अपने जुड़वां बेटों (ईशान और कनिष्क) के साथ 'X' पर एक फोटो पोस्ट की थी, जिसके कैप्शन में उन्होंने गलती से लोकेशन 'न्यूयॉर्क' लिख दी थी. 9 सितंबर 2026 में जब उन्होंने इन तस्वीरों को दोबारा देखा, तो उन्हें याद आया कि यह फोटो न्यूयॉर्क की नहीं, बल्कि स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर की थी, जहां वे उस दौरान संयुक्त राष्ट्र में काम करते थे.
That was me in the ‘80s too — but in Geneva, not New York, as the old caption wrongly had it ! #80sTrend https://t.co/MpHiHfgB5Q
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) September 9, 2026
बिना प्रॉम्प्ट के बनाया '80s लुक फोटो
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए 15 सेकंड के फोटो से यह साफ हो गया है कि शशि थरूर ने '80 के दशक वाला फोटो बनाने के लिए एआई को कोई स्पेशल प्रॉम्प्ट नहीं दिया. उन्होंने सिर्फ अपनी एक हाई रेजोल्यूशन इमेज चैटजीपीटी को दी और लिखा- 'हे चैट! आपको क्या लगता है, 1980 के दशक में डॉ. शशि थरूर कैसे दिखते होंगे?' बस इतना लिखते ही रेट्रो-स्टाइल पोर्ट्रेट एआई ने तैयार करके दे दी. इसके साथ ही थरूर ने अपनी कुछ असली ब्लैक एंड व्हाइट फोटोज भी शेयर कीं, जिन्हें देखकर चैटजीपीटी इंडिया ने सिर्फ दो शब्दों में लिखा- 'पास्ट परफेक्ट'.
'गुड्डू पंडित' से हुई तुलना
इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स के कई मजेदार कमेंट्स भी देखने को मिल रहे हैं. एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि शशि थरूर इस ट्रेंड के असली विनर हैं. वहीं एक अन्य यूजर ने उनके 80 के दशक के लुक की तुलना मशहूर वेब सीरीज मिर्जापुर के किरदार गुड्डू पंडित (अभिनेता अली फजल) से कर दी और लिखा, 'भाई तो 80 के दशक में बिल्कुल गुड्डू पंडित जैसे दिख रहे हैं.' वहीं, कई महिला फैंस ने उनके सदाबहार लुक की तारीफ करते हुए लिखा कि वे चाहे तब के हों या अब के, हमेशा हैंडसम ही लगते हैं.

शशि थरूर ने इंस्टाग्राम पर शेयर की 80 के दशक की अनसीन फोटोज. चैटजीपीटी इंडिया ने ली चुटकी.
Photo Credit: Instagram@shashitharoor
कैसे दें अपनी फोटो को '80 का लुक?
- सबसे पहले चैटजीपीटी खोलें और एक नई चैट शुरू करें.
- प्लस आइकन पर टैप करें और अपनी एक साफ फोटो अपलोड करें. ध्यान रखें कि फोटो जितनी क्लियर होगी, रिजल्ट उतना ही बेहतरीन आएगा.
- फोटो के साथ लिखें कि आपको 80 के दशक का जैसा लुक चाहिए. इसमें कपड़े, हेयरस्टाइल, एक्सेसरीज, बैकड्रॉप, लाइटिंग और ओवरऑल टेक्सचर जैसी डिटेल्स शामिल करें.
- बताएं कि आपके चेहरे के फीचर्स और नैचुरल स्किन टोन में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए, जबकि स्टाइलिंग और माहौल बदल जाना चाहिए.
- बनी हुई इमेज को ध्यान से देखें. अगर कुछ ठीक न लगे, तो शुरू से शुरू करने के बजाय सटीक निर्देशों के साथ अपनी रिक्वेस्ट में सुधार करें.
80s ट्रेंड प्रॉम्प्ट का करें इस्तेमाल
आप नीचे दिए गए एआई प्रॉम्प्ट का भी यूज कर सकते हैं. बस इसे चैटजीपीटी पर अपनी फोटो के साथ अटैच करके भेज दें. आपकी फोटो तैयार हो जाएगी.
'इस इमेज को 80 के दशक की ग्लैमरस भारतीय फिल्म के पोर्ट्रेट जैसा बनाएं. इसमें व्यक्ति के पहचाने जाने लायक चेहरे के फीचर्स और नैचुरल स्किन टोन को बनाए रखें. इसमें घने और हल्के कलर वाले बाल, बोल्ड और रंग-बिरंगे कपड़े, शानदार जूलरी, वॉर्म स्टूडियो-स्टाइल लाइटिंग, रिच सिनेमैटिक टोन और हल्का विंटेज फिल्म ग्रेन जोड़ें. ये सुनिश्चित करें कि फाइनल इमेज असली, पॉलिश्ड और शानदार दिखे.'
ये भी पढ़ें:- बेंगलुरु छोड़कर हिमालय के गांव में बसे कपल ने बताया पहाड़ों में रहने का खर्च, कहा- 'हम 3BHK में रहते हैं'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं