Viral Video: पहाड़ों में नई शुरुआत करने के लिए असल में आपको कितने पैसों की जरूरत है? बेंगलुरु से हिमालय के गांव में शिफ्ट हुए कपल ने इंस्टाग्राम पर 8 वीडियो के जरिए इसका जवाब दिया है. उनके मुताबिक, अगर आज आपके पास 15 लाख रुपये हैं तो आप पहाड़ों में अपनी जिंदगी के अगले पड़ाव के बारे में सोच सकते हैं. क्योंकि इन 15 लाख रुपये में से 12 लाख रुपये तो 2 साल में 3BHK के किराए में चले जाएंगे. इसके बाद आपके पास 3 लाख रुपये रोजमर्रा के खर्च के लिए बचेंगे. लेकिन इसके बदले में आपको जो सबसे जरूरी चीज मिलेगी वो है 'समय'.
गुजारा कैसे होगा?
अब आप सोच रहे होंगे कि गुजारा कैसे होगा? तो इसका जवाब भी कपल ने अपने वीडियो में दिया है. उनका कहना है कि आप एडवेंचर, टूर, कार रेंटल, सोशल मीडिया मार्केटिंग या फिर होमस्टे या कैफे चलाने जैसे काम कर सकते हैं. वे खुद भी अपनी इसी तरह से जिंदगी बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
बेंगलुरु क्यों छोड़ा?
गुप्ताना नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्टेड वीडियोज में कपल ने बताया, 'हमने बेंगलुरु ज्यादा आजादी पाने के लिए छोड़ा था. लेकिन पहाड़ों में बसने के बाद हमें पता चला कि आजादी के साथ बहुत सारी चीजें खुद समझनी और सुलझानी पड़ती हैं.'
पहाड़ों में रहकर आई शहर की याद
कपल ने कहा, 'हमें लगता था कि आजादी का मतलब है कम काम करना. बेंगलुरु में हमें इतनी सुविधाएं मिल गई थीं कि हमें पता ही नहीं चलता था कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी की कितनी चीजें अपने-आप हो जाती थीं. यहां आने के बाद यह सब बदल गया. अब हम ज्यादातर काम खुद से करने पड़ते हैं. हम ज्यादा एक्टिव हैं. ज्यादा आजाद हैं. शायद जिस जिंदगी का हमने सपना देखा था, वह आसान नहीं होनी थी. शायद वह बस ऐसी होनी थी जो हमें अपनी-अपनी लगे.'
नजारे देखने के बजाय ये सब देखें
इस कपल ने अपने वीडियो के जरिए उन लोगों को सर्तक भी किया है जो शहर छोड़कर पहाड़ों में बसने की सोच रहे हैं. उन्होंने अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए कहा, 'अगर आप पहाड़ों पर रहने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो सबसे पहले वहां के नजारे पर फिदा न हो जाएं. वहां की जगह देखें. वहां के रास्ते देखें. वहां की जमीन और इलाके को देखें. देखें कि पास में रोजमर्रा की जरूरी चीजों की सुविधा है या नहीं. नेटवर्क रहता है नहीं. ऑनलाइन डिलीवरी पॉसिबल है या नहीं. अगर ये सब नहीं हो तो आपको आगे चलकर दिक्कत हो सकती है. इन्हीं सब वजहों से हमें घर ढूंढने में 60 दिन लग गए.'
यहां देखें पूरा वीडियो:-
सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए अलग-अलग रिएक्शन्स
सोशल मीडिया पर इन वीडियो को देखने के बाद लोग अलग-अलग रिएक्शन्स दे रहे हैं. कुछ लोग कपल को उनका पसंदीदा होम स्टे मिलने की बधाई दे रहे हैं, जबकि कुछ घर का किराया सुनकर हैरान हो गए हैं. वहीं कुछ पहाड़ों में न बस पाने की अपनी मजबूरी के बारे में बता रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा, 'जिस जगह की आपको तलाश थी, उसे पा लेने पर आपको बधाई.'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'यह सच में बहुत बढ़िया है. भगवान आप पर कृपा बनाए रखे और आप इस सफर के हर पल का आनंद लें.'
तीसरे यूजर ने लिखा, 'यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि आपने यह फैसला लिया और सच में वहां चले गए. हम तो बस सोचते ही रह गए, कभी हिम्मत नहीं जुटा पाए. और अब 50 की उम्र के बाद और सेहत से जुड़ी कुछ गंभीर दिक्कतों के कारण, पहाड़ों पर बसने का आत्मविश्वास और भी कम हो गया है.'
चौथे यूजर ने कहा, 'बेंगलुरु छोड़कर किसी दूसरी जगह जाने को लेकर मेरी सबसे बड़ी चिंता मेरी बेटी की 24x7 मेडिकल इमरजेंसी है. उस पर मेरा कोई कंट्रोल नहीं हो सकता. और मुझे पक्का नहीं है कि कोई दूसरी जगह मुझे वह सुकून दे पाएगी या नहीं.'
ये भी पढ़ें:- हनुमान अंश फिल्म के भजन 'जब जिद पर आ गई पार्वती' का मिला ऐसा जवाब, थम गईं सबकी नजरें; वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो भी देखें:-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं