SBI ATM Outside Salon Inside: बिहार के दानापुर इलाके में एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां रुपासपुर क्षेत्र में एक जगह ऐसी है, जहां बाहर अब भी एसबीआई का एटीएम बोर्ड लगा हुआ है, लेकिन अंदर पैसे निकालने की जगह अब हेयरकट और सैलून का काम होता है. बाहर से देखने पर यह जगह बिल्कुल एक चालू स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम जैसी लगती है. एटीएम का बोर्ड, ब्रांडिंग और केबिन सब कुछ वैसा ही है, जिससे किसी को भी शक नहीं होता, लेकिन जैसे ही कोई व्यक्ति पैसे निकालने या बैलेंस चेक करने के लिए अंदर जाता है, उसे एटीएम मशीन की बजाय सैलून की कुर्सियां, शीशे और बाल काटने के औजार दिखते हैं.
स्थानीय खबरों के मुताबिक, यह एटीएम पहले ऊषा विला में कई सालों तक चलता रहा. कुछ महीने पहले एटीएम मशीन को यहां से हटा दिया गया, लेकिन बाहर लगा एटीएम बोर्ड नहीं हटाया गया. बाद में यह खाली जगह एक सैलून मालिक को किराए पर दे दी गई. अब यह जगह शायद बिहार का सबसे ज्यादा कन्फ्यूज करने वाला एटीएम अनुभव बन गई है. सोशल मीडिया पर यह मामला जमकर वायरल हो रहा है और लोग इस अनोखे एटीएम‑सैलून पर खूब मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर मजाक भी बनाए. कुछ लोगों ने लिखा कि अब ग्राहक कैश निकालने जाते हैं और बाहर आते हैं नया हेयरकट कराकर. वहीं कुछ ने यह भी कहा कि कहीं कोई जल्दी में पैसे निकालने जाए और गलती से शेव बुक न कर बैठे. सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि देखने में यह जगह अब भी पूरी तरह एटीएम जैसी लगती है. बाहर से गुजरने वाले लोग इसे आज भी असली एटीएम समझ लेते हैं, लेकिन अंदर पहुंचकर समझ आता है कि यहां पैसे नहीं, हेयर स्टाइलिंग हो रही है.
ATM में कैश की जगह सैलून, लोगों को कर रहा है हैरान
— NDTV India (@ndtvindia) May 11, 2026
पटना के दानापुर में एक अनोखा ‘एटीएम' लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, बाहर SBI का बोर्ड और पूरा एटीएम सेटअप जस का तस है, लेकिन अंदर पैसे निकालने की मशीन नहीं बल्कि हेयर कटिंग सैलून चल रहा है, पहले यहां बैंक का एटीएम था,… pic.twitter.com/iIbxY14oBE
कई यूजर्स ने इसे भारत का खास ‘जुगाड़' भी बताया. उनका कहना है कि हमारे यहां पुराने दुकानों और जगहों को नए काम में बदल दिया जाता है, लेकिन उनकी पुरानी पहचान के निशान वैसे ही बने रहते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं