झारखंड में तीन लोगों की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है. जमशेदपुर में परिवार के मुखिया ने ही अन्य तीन सदस्यों की हत्या कर दी. मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको रोड नंबर 2 का है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मचारी ने मामूली विवाद के बाद अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी. मृतकों में आरोपी की पत्नी, एक बेटा और एक गर्भवती बेटी शामिल है. वारदात एग्रिको स्थित क्वार्टर नंबर 13 की है.
आपा खोया और चला दी कुल्हाड़ी...
बताया जा रहा है कि टाटा स्टील से इसी साल फरवरी में रिटायर हुए रविंद्र प्रसाद सिंह का अपने परिवार के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. सोमवार को यह विवाद इतना बढ़ा कि रविंद्र सिंह ने आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी सरिता सिंह (55), बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे रविशेक कुमार (30) पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
खुद पुलिस को फोन कर दी जानकारी
इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी रविंद्र सिंह ने खुद पुलिस को फोन किया और कहा कि उन्होंने पत्नी, बेटी और बेटे की हत्या कर दी है. शव घर में ही पड़े हैं. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था. पुलिस ने घर के अंदर से खून से लथपथ तीनों शवों को बरामद किया है. इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि रविंद्र सिंह की बेटी सुप्रिया गर्भवती थी. वह अपने मायके आई हुई थी. स्थानीय लोगों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, रविंद्र सिंह इसी साल फरवरी में टाटा स्टील से रिटायर्ड हुए थे. रिटायरमेंट के बाद से ही घर में पैसों या अन्य कारणों को लेकर अक्सर कलह होने की बात सामने आ रही थी. घटना के बाद से एग्रिको इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं. पुलिस ने क्वार्टर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें :- दो साल बाद जेल से बाहर आएंगे झारखंड के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं