The Rental Graves of Bolivia: इंसान की पूरी जिंदगी किराए और EMI भरने में गुजर जाती है, पर क्या आपने कभी सुना है कि मरने के बाद भी रेंट का मीटर चालू रहता है? बोलिविया के ला पाज में बना 'Cementerio General' दुनिया का एक ऐसा अजीबोगरीब कब्रिस्तान है, जहां मुर्दों को अपनी कब्र के लिए किराया चुकाना पड़ता है. अगर घरवालों ने समय पर पैसा नहीं भरा, तो नगर पालिका वाले बकायदा नोटिस चिपका देते हैं और फिर शव को वहां से बेदखल कर दिया जाता है. यह सिलसिला सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन यहां का यही दस्तूर है.

10 साल का पट्टा और फिर बेदखली का डर (10-Year Lease and the Fear of Eviction)
ला पाज का यह कब्रिस्तान करीब 210 एकड़ में फैला हुआ है, जहां लगभग 20 लाख लोगों के अवशेष रखे गए हैं. यहां मामला थोड़ा 'शॉर्ट टर्म' वाला है. सबसे पहले लाश को करीब 10 साल के लिए एक पट्टे (Lease) पर दफनाया जाता है. जैसे ही समय सीमा खत्म होती है, घर वालों को किराया भरना होता है. अगर जेब ढीली नहीं की, तो प्रशासन शव को कब्र से बाहर निकाल देता है. इसके बाद मजबूरी में लोगों को अपने परिजनों का अंतिम संस्कार (Cremation) करना पड़ता है और उनकी राख को दीवार में बनी छोटी अलमारियों में सहेजना पड़ता है.
ये भी पढ़ें:-जितनी सैलरी, उतनी ही नौकरी...कम पगार से नाराज महिला ने ऑफिस में ली 5 घंटे की नींद, बॉस को सिखाया 'Pay' का पाठ
दीवारों में बने छोटे-छोटे अपार्टमेंट और यादें (Apartment Style Wall Graves and Memories)
यहां की दीवारें किसी बहुमंजिला इमारत जैसी दिखती हैं, जिनमें कांच के छोटे-छोटे बॉक्स बने होते हैं. लोग इन छोटे ताकों को रेंट पर लेते हैं और उनमें अपने अपनों की फोटो, फूल और उनकी पसंदीदा चीजें रखते हैं. यहां सन्नाटा नहीं, बल्कि लोगों की चहल-पहल रहती है. लोग अक्सर अपने पुरखों की इन 'किराए की कोठरियों' को साफ करने और उन्हें पानी देने आते हैं. यह किसी बिजनेस से कम नहीं है, जहां मौत के बाद की जगह भी करोड़ों का कारोबार बन चुकी है.
ये भी पढ़ें:-जिसे रक्षक समझा वही निकला भक्षक...4 साल तक जिस कुत्ते को लाड से पाला, उसी ने चबा डाला मालकिन का चेहरा
कुदरत का कानून भले ही कहता हो कि इंसान मिट्टी में मिल जाता है, लेकिन बोलिविया का यह कब्रिस्तान बताता है कि अगर जेब में पैसा न हो, तो मिट्टी में भी सुकून से रहना मुश्किल है. यहां यादों को सहेजने के लिए भी हर साल किराया भरना ही पड़ता है.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं