यह ख़बर 30 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

जनता के बीच दो मुख्यमंत्री : रघुवर दास ने बांटे कंबल, फडणवीस ने की लोकल ट्रेन में यात्रा

रांची / मुंबई:

आम तौर पर ऐसी तस्वीरें कम ही देखने को मिलती हैं, जब खुद राज्य के मुख्यमंत्री जनता के बीच कंबल बांटने और लोकल ट्रेन की हालत देखने निकल पड़ें। लेकिन झारखंड और महाराष्ट्र में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।

पिछले दिनों झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में कुर्सी संभालने वाले रघुवर दास रांची की सड़कों पर निकल पड़े और ठंड से परेशान बेघर लोगों को कंबल बांटे।

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार रात 10 बजे अचानक हटिया और रांची रेलवे स्टेशन पहुंचकर गरीबों में कंबल बांटे और बाद में राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा करने के बाद रात को हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचे और बाहर तथा प्लेटफार्म पर खुले में सो रहे गरीबों में कंबल बांटे और उनका हाल जाना।

बाद में मुख्यमंत्री रांची रेलवे स्टेशन भी पहुंचे और वहां की व्यवस्था जानी और गरीबों में कंबल का वितरण किया और स्टेशन के बाहर अलाव की व्यवस्था करवाई। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्यमंत्री का पद संभालते ही गरीबों में कंबल बांटने और अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियो को दिए थे।

वहीं, मुंबई में लोकल ट्रेन के मुसाफिर तब हैरान रह गए, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उनके साथ यात्रा करने पहुंच गए। अपनी इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने लोकल ट्रेन के मुसाफिरों की समस्याओं को सुना और सुरक्षा के मुद्दे पर लोगों से बातचीत की।

(इनपुट भाषा से भी)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com