Anantnag News: जम्मू-कश्मीर के दिव्यांग क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन (Aamir Hussain Lone) को 15 अगस्त को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2026) समारोह के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) की तरफ से नई दिल्ली में आने और राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के एट होम (At Home) रिसेप्शन में शामिल होने का न्योता गया है. आमिर हुसैन इसे अपने लिए बड़ा सम्मान और उपलब्धि मानते हैं और बेहद खुश हैं.
'कभी इसकी कल्पना नहीं की'
आईएएनएस से बात करते हुए आमिर हुसैन लोन ने कहा, 'मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि जीवन में एक दिन ऐसा भी आएगा, जब मैं अपने राष्ट्रपति से मिलूंगा. मैं खुशनसीब हूं कि मुझे देश के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति के यहां से निमंत्रण मिला है.'
'3 दिन से सो नहीं पा रहा हूं'
आमिर ने कहा, 'मुझे राष्ट्रपति की तरफ से निमंत्रण मिले 3 दिन हुए हैं, और मैं तब से सो नहीं पाया हूं. मैं बस वहां जाने और उनसे मिलने के लिए बेताब हूं. खुशी इतनी है कि मैंने कुछ दिनों से अभ्यास भी नहीं किया है. मैं गरीब घर से संबंध रखता हूं. हमारा गांव भी पिछड़ा हुआ है. यहां सड़कें भी नहीं हैं. ऐसे में मुझे निमंत्रण पत्र मिलने से पूरा गांव खुश है. मुझे मेरे परिवार का हमेशा समर्थन मिला है. मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी.'
'गौतम अदाणी मसीहा के रूप में मिले'
लोन ने एक क्रिकेटर के तौर पर हासिल उपलब्धियों के लिए गौतम अदाणी और अदाणी फाउंडेशन को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, 'मेरी जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी आया, जब मैं पूरी तरह टूट गया था. उस समय मुझे गौतम अदाणी मसीहा के रूप में मिले. मैं चाहता हूं कि मेरी क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन वही करें.'
'नमाज पढ़ते वक्त मांगता हूं अदाणी ग्रुप के लिए दुआ'
उन्होंने कहा, 'मेरा बचपन से क्रिकेटर बनने का सपना रहा है. मुझे लोग क्रिकेट नहीं खिलाते थे. उस समय मुझे बहुत दुख होता था. अब मैं अपनी क्रिकेट अकादमी उद्घाटन करने जा रहा हूं, इसलिए चाहता हूं कि मेरे मसीहा इसका उद्घाटन करें. अदाणी फाउंडेशन ने जो भी मेरे लिए किया है, उसके लिए कितना भी मैं शुक्रिया अदा करूं, वो बहुत कम होगा. मैं जब भी नमाज पढ़ता हूं तो गौतम अदाणी और अदाणी फाउंडेशन के लिए दुआ मांगता हूं. मैं चाहता हूं कि उनकी जिंदगी लंबी हो और वह ऐसे ही आगे बढ़ते रहें.'
ये भी पढ़ें:- इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल हुई तो महिला ने कन्वेयर बेल्ट पर चढ़कर किया हंगामा, बोलीं- 'बच्चे की तबीयत खराब है'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं