VIRAL VIDEO: एक 5 साल का मासूम बच्चा गहरे तालाब में डूब रहा है, पानी उसके सिर के ऊपर से निकल रहा है, और मौके पर पहुंचने वाली पुलिस से भी 2 मिनट पहले आसमान से एक ड्रोन पहुंच जाता है. जी हां, यह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि अमेरिका के मिनेसोटा के सेंट पॉल में घटी एक सच्ची और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना है. हुआ यूं कि सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे 'ईस्ट साइड बॉयज एंड गर्ल्स क्लब' के पीछे बने तालाब में किसी की नजर एक बच्चे पर पड़ी. बच्चा पानी में छटपटा रहा था और बाहर निकलने की हर मुमकिन कोशिश में हांफ रहा था. फौरन 911 पर एक घबराई हुई कॉल आती है, "एक बच्चा तालाब में डूब रहा है"
A Minnesota police officer wades into a pond and carries an autistic child safely to shore after a drone helps authorities locate the child within minutes.
— Fox News (@FoxNews) September 9, 2026
Saint Paul police say the child had wandered away from home without the family's knowledge and appeared to be struggling in… pic.twitter.com/5D5G3kZhW7
जब हर सेकंड जिंदगी और मौत के बीच का फर्क था
पुलिस कंट्रोल रूम में जैसे ही यह अलार्म बजा, वक्त बहुत कम था. पुलिस की गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं, लेकिन सेंट पॉल पुलिस ने बिना एक सेकंड गंवाए अपना 'डॉक्ड ड्रोन' हवा में उड़ा दिया.
यह ड्रोन पुलिस की पेट्रोलिंग टीम से पूरे दो मिनट पहले घटना स्थल पर पहुंच गया. ड्रोन उड़ा रहे थे सार्जेंट मैट सेंट सॉवर, जो घटनास्थल से करीब 3 मील (लगभग 5 किलोमीटर) दूर बैठकर स्क्रीन पर हर हलचल देख रहे थे. उन्होंने ड्रोन के कैमरे से बच्चे की सटीक लोकेशन और उसकी गंभीर हालत तुरंत ग्राउंड पर मौजूद टीम को रिले कर दी.
WATCH VIDEO
जैसे ही पुलिस की गाड़ी पहुंची, ऑफिसर अदिसाक से मा (Adisak Sae Ma) ने देखा कि बच्चा बुरी तरह घबराया हुआ था और उसका सिर पानी में डूबने लगा था. उन्होंने पलक झपकते ही तालाब में कूदकर बच्चे को सुरक्षित बाहर खींच लिया.
ऑफिसर अदिसाक ने राहत की सांस लेते हुए कहा, "ईमानदारी से कहूं तो जब तक हम ऐसे कॉल्स पर मौके पर पहुंचते हैं, तब तक अक्सर बहुत देर हो चुकी होती है. लेकिन आज ऊपर वाले का शुक्र है कि हम सही वक्त पर थे."
बच्चे को तुरंत जांच के लिए चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल ले जाया गया. डॉक्टर के मुताबिक, उसे कोई अंदरूनी चोट नहीं आई है और वह बिल्कुल सुरक्षित है. परिजन ने बताया कि बच्चा ऑटिज्म (Autism) से जूझ रहा है और बिना किसी को बताए घर से भटक कर यहां तक आ गया था.
ड्रोन ने पलट दी पूरी कहानी
ड्रोन पायलट सार्जेंट सॉवर का साफ मानना है कि अगर आसमान में वह 'तीसरी आंख' न होती, तो शायद इस कहानी का अंत इतना सुखद न होता. उन्होंने कहा कि दूर बैठकर भी जब आप अपने साथी अफसरों की मदद कर पाते हैं और किसी आम नागरिक की जान बचा लेते हैं, तो वही इस वर्दी की सबसे बड़ी कामयाबी है.
तकनीक पर भारी 'प्राइवेसी'
इस हैरतअंगेज रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जहां एक तरफ तकनीक की तारीफ हो रही थी, वहीं दूसरी तरफ सेंट पॉल सिटी काउंसिल ने बुधवार को एक बड़ा फैसला ले लिया. स्थानीय नागरिकों की प्राइवेसी (निजता) की चिंताओं को देखते हुए काउंसिल ने पुलिस विभाग में और अधिक ड्रोन शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने से इनकार कर दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं