जाको राखे साइयां मार सके न कोय... कई बार जिंदगी में ऐसे वाकये होते हैं, जो हमें ईश्वर के चमत्कार से कम नहीं लगते. ऐसा ही कुछ 70 साल की एक महिला के साथ हुआ, जो अपनी बेटी की शादी के लिए विमान में यात्रा कर रही थी. लेकिन फ्लाइट में उसको हार्ट अटैक आ गया. उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वो गश खाकर नीचे गिर पड़ीं. विमान में महिला को दिल का दौरा पड़ने पर फ्लाइट अटेंडेंट तुरंत ही महिला की मदद को पहुंचीं. उन्होंने एनाउंस कर पूछा कि क्या फ्लाइट में कोई हृदय रोग विशेषज्ञ यानी कार्डियोलॉजिस्ट है तो नहीं?
एक फ्लाइट में 15 कार्डियोलॉजिस्ट
यह सवाल होते ही फ्लाइट में अचानक 15 लोग खड़े हो गए. इससे फ्लाइट अटेंडेंट सकपका गई. वो हैरत में पड़ कईं कि क्या फ्लाइट में 15 डॉक्टर सफर कर रहे हैं और वो सबके सब कार्डियोलॉजिस्ट हैं. लेकिन ये सच में चमत्कार से कम नहीं था कि उस विमान में 15 दिल के डॉक्टर सफर कर रहे थे. उत्तरी कैरोलिना से वो बुजुर्ग महिला न्यूयॉर्क जा रही थी. फ्लाइट में 15 हृदय रोग विशेषज्ञ थे, जो उसके लिए भगवान से कम नहीं थे.
फ्लाइट में इमरजेंसी हेल्प
दरअसल, ये सभी डॉक्टर न्यूयॉर्क में नेशनल कार्डियोलॉजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने जा रहे थे. फ्लाइट में इमरजेंसी अनाउंसमेंट होते ही एक साथ 15 डॉक्टर अपनी सीटों पर खड़े होकर मदद के लिए आगे आए और महिला की जान बच गई. प्लेन में ही डॉक्टरों ने तुरंत ही डोरोथी की नब्ज और ब्लड प्रेशर को देखा, जो जानलेवा स्तर तक गिर चुका था. इमरजेंसी किट का इस्तेमाल कर फ्लाइट में मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें ऑक्सीजन दी. जीवन रक्षक दवाएं से उनकी हालत में सुधार आया. हालात की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने पायलट को तुरंत नजदीकी एयरपोर्ट पर प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराने को कहा. वहां से उन्हें सीधे अस्पताल में आईसीयू ले जाया गया.
प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग
द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, प्लेन को इमरजेंसी लैंडिंग के जरिये करीबी हवाई अड्डे पर उतारा गया. एंबुलेंस और मेडिकल टीम उनके लिए एयरपोर्ट पर तैयार थी. डॉक्टरों की समय पर मदद और सही समय पर इलाज के कारण उनकी जान बचाई जा सकी. हॉस्पिटल में कुछ दिन आराम के बाद वो पूरी तरह स्वस्थ हो गईं. वो अपनी बेटी की शादी के आयोजन में भी खुशी-खुशी शामिल हुईं. डोरोथी ने कहा था कि हार्ट अटैक के बाद उन्हें कुछ लगा कि मौत नजदीक है. शायद वो अपनी बेटी की शादी कभी नहीं देख पाएंगी. मगर ये भगवान का चमत्कार है कि खुद डॉक्टरों की फौज उनके साथ उस फ्लाइट में सफर कर रही थी. उन्हें ये अहसास नहीं था कि ऊपर वाला कितना मेहरबान होगा.
ये भी पढ़ें - एक पहिये की साइकिल से 11000 KM का सफर... केरल से नेपाल के रास्ते में है शख्स, मकसद जान करेंगे सलाम
ये भी पढ़ें - ब्रिटिश ब्लॉगर ऑली ने पहली बार किया रेलवे के 2nd AC कोच में सफर, बोले- 'भारत से मेरा आखिरी वीडियो'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं