विज्ञापन

दुनिया की 'शार्क लेडी' बनी यह महिला, गर्दन से लेकर पैर तक गुदवाए 106 टैटू; डर को जुनून बनाकर रच दिया इतिहास

एमिली के शरीर पर टैटू बनवाना आसान नहीं था. उन्होंने खुलासा किया कि सिर के साइड में टैटू बनवाने में ज्यादा दर्द नहीं हुआ, लेकिन उनके दाहिने पैर के टखने और पिंडली पर टैटू बनवाना उनके जीवन का सबसे दर्दनाक अनुभव था.

दुनिया की 'शार्क लेडी' बनी यह महिला, गर्दन से लेकर पैर तक गुदवाए 106 टैटू; डर को जुनून बनाकर रच दिया इतिहास
Facebook@Guinness World Records

Zara Hatke News: जिस शार्क (Shark) का नाम सुनते ही लोग समंदर से भाग खड़े होते हैं, अमेरिका की एमिली मॉरिसन (Emily Morrison) उसी के प्यार में पड़ गईं हैं. कभी शार्क से बुरी तरह डरने वाली एमिली आज दुनिया भर में शार्क लेडी (Shark Lady Emily) के नाम से मशहूर हैं. उन्होंने अपने शरीर पर सबसे ज्यादा शार्क के टैटू बनवाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) अपने नाम किया है. उनके पैर से लेकर गर्दन तक पूरे बदन पर 106 टैटू बने हुए हैं, जिसे उन्होंने आधिकारिक तौर पर 29 मई 2026 को दर्ज कराया.

पिता के आइडिया ने डर को जुनून में बदला

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की वेबसाइट के मुताबिक, जब एमिली 8 साल की थीं, तब जॉज (Jaws) फिल्म देखकर वह शार्क से इतना डर गईं कि उन्होंने समंदर किनारे जाना ही छोड़ दिया. बेटी का डर दूर करने के लिए उनके पिता ने उन्हें लाइब्रेरी भेजा और शार्क के बारे में पढ़ने को कहा. वहां रिसर्च करते हुए एमिली को पता चला कि शार्क की कुछ प्रजातियां डायनासोर और पेड़ों से भी पुरानी हैं, और कुछ शार्क जिंदगी भर में 35000 तक दांत बदलती हैं. इन बातों को जानकर उनका डर खत्म हो गया और शार्क से लगाव हो गया.

Shark Lady Emily Morrison

Shark Lady Emily
Photo Credit: Facebook@Guinness World Records

19 साल की उम्र में बनवाया था पहला टैटू

एमिली आगे चलकर शार्क बायोलॉजिस्ट बनीं. उन्होंने 9 से 5 की आम नौकरी नहीं चुनी. वह शार्क लेडी एंटरप्राइजेज (Shark Lady Enterprises) नाम की कंपनी चलाती हैं, जो फ्लोरिडा में लोगों को एडवेंचर शार्क टूर कराती है और प्राचीन शार्क के दांत खोजने के लिए फॉसिल डाइविंग कराती है. उन्होंने पहला टैटू 1999 में 19 साल की उम्र में पीठ पर बनवाया था, जो Jaws फिल्म की याद में एक ग्रेट व्हाइट शार्क का था.

टैटू बनाने में 300 घंटे लगे, खर्च हुए 19 लाख रुपये

यूएसए टूडे को दिए इंटरव्यू में एमिली ने बताया कि साल 2022 में उनकी 12 साल पुरानी शादी टूटने के बाद उन्होंने अपनी इस शार्क लाइफ को और तेजी से जीना शुरू किया. समंदर में उनका जब भी किसी शार्क के साथ कोई खास अनुभव होता, वह उसे अपने शरीर पर टैटू के रूप में दर्ज करवा लेती थीं. इस पूरे शौक में उनके करीब 20,000 डॉलर (लगभग 19.16 लाख रुपये) खर्च हो चुके हैं और उन्होंने टैटू स्टूडियो की कुर्सी पर 300 से ज्यादा घंटे बिताए हैं. आज उनके शरीर पर शार्क की 71 अलग-अलग प्रजातियों के टैटू हैं, जिनमें जेब्रा शार्क, टाइगर शार्क और 13 हैमरहेड शार्क का एक पूरा झुंड शामिल है. इसके साथ ही 13 जीवाश्म दांत और 1 असली ताजा शार्क के दांत का टैटू भी बना है.

डिस्कवरी चैनल के इस शो में आ रहीं नजर

45 साल की एमिली अब शार्क के सभी 58 परिवारों के टैटू पूरे करना चाहती हैं, जिसमें से सिर्फ 7 बाकी हैं. वह समंदर में खतरनाक टाइगर शार्क और ग्रेट हैमरहेड्स को अपने हाथ से खाना भी खिला चुकी हैं और ऑस्ट्रेलिया में ग्रेट व्हाइट शार्क के साथ पिंजरे में डाइविंग कर चुकी हैं. उनके इसी अनोखे जुनून को अब डिस्कवर चैनल (Discovery Channel) के मशहूर शार्क वीक (Shark Week) इवेंट के शो माई स्ट्रेंज शार्क एडिक्शन (My Strange Shark Addiction) में भी दिखाया जा रहा है, जहां शो के दौरान 2 नए टैटू जुड़ने के बाद उनकी यह संख्या बढ़कर 108 तक पहुंच गई है.

ये भी पढ़ें:- बच्चे को बचाने के लिए समंदर की तूफानी लहरों से टकरा गया 16 साल का लाइफगार्ड, Viral Video देख आप भी करेंगे सलाम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shark, Guinness World Records, Tattoo, Shark Week, Viral Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com