विज्ञापन

हवा में सिर्फ गर्दन के सहारे 3 मिनट तक गोल-गोल घूमती रही महिला, बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

टिफनी के दादाजी भी सर्कस कलाकार थे और उन्हीं से प्रेरित होकर टिफनी इस लाइन में आईं. उन्होंने पैर में चोट होते हुए भी न सिर्फ इस स्टंट को पूरा किया बल्कि नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया.

हवा में सिर्फ गर्दन के सहारे 3 मिनट तक गोल-गोल घूमती रही महिला, बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
टिफनी फील्ड ने एरियल नेक स्पिन में बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड.
Guinness World Records

Guinness World Record: सर्कस में आपने एक से बढ़कर एक खतरनाक स्टंट देखे होंगे, लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर एक ऐसा कारनामा वायरल हो रहा है जिसे देखकर अच्छे-अच्छे सूरमाओं के पसीने छूट जाएं. एक महिला कलाकार ने हवा में सिर्फ अपनी गर्दन के सहारे लटककर ऐसा खतरनाक स्टंट किया कि पुराना विश्व रिकॉर्ड ही चकनाचूर कर दिया.

पुराना रिकॉर्ड लगभग 3 गुना पीछे छोड़ा

यह हैरान कर देने वाला कारनामा ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली 27 साल की सर्कस कलाकार टिफनी फील्ड ने कर दिखाया है. टिफनी ने हवा में सिर्फ गर्दन के बल टिककर सबसे ज्यादा देर तक गोल-गोल घूमने (Longest Duration Performing Aerial Neck Spins) का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है. इस स्टंट का पुराना रिकॉर्ड सिर्फ 1 मिनट 10 सेकंड का था, जिसे अमेरिका की एक महिला ने बनाया था. लेकिन टिफ़नी ने लगातार 3 मिनट 1.18 सेकंड तक हवा में घूमकर सबको हैरान कर दिया और पुराने रिकॉर्ड को लगभग तीन गुना पीछे छोड़ दिया.

पैर टूटने के बाद भी नहीं मानी हार

सबसे खास बात यह है कि टिफनी ने यह रिकॉर्ड तब बनाया जब वह पूरी तरह ठीक भी नहीं थीं. साल 2025 में एक शो के दौरान उनके पैर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उनके पैर की बड़ी सर्जरी हुई. टिफनी के मुताबिक, जब वह यह रिकॉर्ड बना रही थीं, तब भी उनके सीधे पैर और आधी टांग में कोई सेंसेशन नहीं था. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और इतिहास रच दिया.

बहुत ज्यादा खतरनाक है यह स्टंट

गर्दन के सहारे हवा में लटकना और घूमना कोई बच्चों का खेल नहीं है. टिफ़नी खुद बताती हैं कि यह स्टंट दुनिया के सबसे खतरनाक कारनामों में से एक है. हर साल इस स्टंट को करने के चक्कर में कई सर्कस कलाकार गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं और कई तो अपनी जान तक गंवा बैठते हैं. टिफनी के दादाजी भी सर्कस कलाकार थे और उन्हीं से प्रेरित होकर टिफनी इस लाइन में आईं. अपने दादाजी के सपने और परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर यह मुकाम हासिल किया है.

ये भी पढ़ें:- 'तेरी लत लग जाएगी' गाने पर बच्ची ने ऐसा डांस कि स्टेज पर ही बैठ गईं सपना चौधरी, देखें वायरल वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Guinness World Record, Circus Stunt, Viral News, Australia News, Zara Hatke News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com