हाई सैलरी वाली नौकरी को छोड़ना आमतौर पर आसान फैसला नहीं होता. लेकिन, एक भारतीय युवक ने 26 लाख रुपये सालाना की नौकरी को जॉइनिंग से ठीक पहले ठुकराकर सोशल मीडिया पर बड़ी चर्चा छेड़ दी है. यह कहानी वेबसाइट डिजाइनर पुष्कर की है, जिन्होंने कहा, कि उन्होंने बड़ी सैलरी के बावजूद अपनी दिल की आवाज पर भरोसा किया और नौकरी लेने से इनकार कर दिया.
जॉइनिंग से पहले ही छोड़ दी नौकरी
पुष्कर ने अपनी कहानी सोशल एक्स पर शेयर की. उन्होंने लिखा, कि कुछ दिन पहले उन्होंने 26 लाख रुपये सालाना (LPA) की नौकरी को ठीक ऑनबोर्डिंग के समय छोड़ दिया. इसके बाद से उनके मन में अलग-अलग तरह की भावनाएं आ रही हैं. पुष्कर ने लिखा, मेरे मन का एक हिस्सा कहता है कि मैंने सही फैसला लिया. मैं किसी नौकरी में फंसना नहीं चाहता था. लेकिन, दूसरा हिस्सा पूछता रहता है कि कहीं यह मेरी बहुत बड़ी गलती तो नहीं.
छोटे गांव से आते हैं पुष्कर
पुष्कर ने बताया कि भले ही बड़े शहरों में 2.1 लाख रुपये महीना बहुत बड़ी रकम न लगे, लेकिन उनके लिए यह काफी बड़ी सैलरी थी. उन्होंने कहा, कि वह मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव से आते हैं, जहां 20 से 30 हजार रुपये महीना भी अच्छी सैलरी मानी जाती है. इसलिए इतनी बड़ी नौकरी को छोड़ना उनके लिए थोड़ा डराने वाला फैसला भी था.
A few days ago, I walked away from a ₹26 LPA job right at the time of onboarding.
— Pushkar @ Website Designer (@in_pushkar) March 5, 2026
Since then I've had very mixed feelings.
One side of me says I made the right decision. I didn't want to get trapped in a job.
The other side keeps asking… what if this was a huge mistake?…
‘नौकरी करता तो हर दिन पछताता'
पुष्कर ने यह भी बताया कि फिलहाल वह फ्रीलांसिंग करते हैं, जो पूरी तरह स्थिर नहीं होती. इसमें कई बार काम बहुत होता है और कई बार कम भी. फिर भी उन्हें लगता है कि अगर वह उस नौकरी को जॉइन कर लेते तो शायद हर दिन पछताते. उन्होंने लिखा, मुझे एक बात पक्के तौर पर पता है कि अगर मैं वह नौकरी जॉइन करता तो हर दिन पछताता. इसलिए मैंने अपने दिल की सुनी और यह फैसला लिया. उम्मीद है कि यह फैसला भविष्य में सही साबित होगा.
लोगों ने दी अलग-अलग राय
पुष्कर के इस फैसले पर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी राय दी. एक यूजर ने लिखा, कि असली तरक्की कई बार आराम की जिंदगी छोड़कर आजादी चुनने से मिलती है. वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि जोखिम उठाना ही बड़ी सफलता की शुरुआत हो सकता है. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि हर इंसान की प्राथमिकताएं अलग होती हैं. कोई स्थिर नौकरी को महत्व देता है, तो कोई स्वतंत्रता और अपने फैसलों को ज्यादा अहमियत देता है. इसलिए किसी भी रास्ते को गलत या सही कहना मुश्किल है, क्योंकि आखिरकार फैसला इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति अपनी जिंदगी में क्या ज्यादा महत्व देता है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: ऑफिस पॉलिटिक्स में न पड़ने की सजा! 6 साल की वफादारी के बाद भी चली गई नौकरी, बॉस को बाद में समझ आई उसकी अहमियत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं