Viral News: अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य का सबसे आलीशान और महंगा बंगला एक बार फिर चर्चा में है. 35 मिलियन डॉलर (करीब 290 करोड़ रुपये) की अनुमानित कीमत वाले इस महल जैसे घर को मात्र 10 डॉलर (लगभग 830 रुपये) में खरीद लिया गया है. यह चौंकाने वाली डील मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक के दामाद दानियार केसिकाबायेव ने की है. दानियार का नाता कजाकिस्तान के पूर्व तानाशाह के परिवार से भी रहा है, जिसके चलते उन्हें कभी वहां का 'प्रिंस' माना जाता था. आइए जानते हैं प्रॉपर्टी की सुविधाओं के बारे में...
9 बेडरूम, 2 स्विमिंग पूल, होम थिएटर और...
न्यू जर्सी के पॉश अल्पाइन इलाके में 2 मार्गो वे (2 Margo Way) पते पर स्थित यह घर किसी राजा के महल से कम नहीं है. 3.1 एकड़ जमीन पर फैले इस 17,150 वर्ग फुट के बंगले में 9 शानदार बेडरूम हैं. इसके अंदर सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं है. घर में एक फुल-लेंथ बास्केटबॉल कोर्ट, बॉलिंग एली, होम थिएटर, विशाल लाइब्रेरी और वाइन सेलर मौजूद है. इसके अलावा, इसमें एक होटल जैसा खारे पानी का इनडोर स्विमिंग पूल है, जबकि एक अन्य पूल घर के बाहर भी बना हुआ है. घर के अंदर आने-जाने के लिए प्राइवेट लिफ्ट की सुविधा भी मौजूद है.
कौन हैं 830 रुपये में बंगला खरीदने वाले दानियार?
बंगला खरीदने वाले दानियार केसिकाबायेव, मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक के दामाद हैं. बता दें कि नजीब रजाक फिलहाल 4.5 बिलियन डॉलर के 1MDB घोटाले में जेल की सजा काट रहे हैं. इसके अलावा, दानियार की मां की शादी कजाकिस्तान के पूर्व तानाशाह नूरसुल्तान नजरबायेव के भाई बोलाट से हुई थी. प्रॉपर्टी रिकॉर्ड्स के मुताबिक, दानियार ने मार्च 2025 में इस भव्य हवेली को सिर्फ 10 डॉलर यानी 830 रुपये में अपने नाम ट्रांसफर कराया है.
2012 में 165 करोड़ रुपये कैश देकर हुआ था सौदा
इस बंगले का पुराना इतिहास भी काफी दिलचस्प है. इसे साल 2000 में कंस्ट्रक्शन कारोबारी जो स्कॉट ने बनवाया था. साल 2012 में इस प्रॉपर्टी को 20 मिलियन डॉलर (करीब 165 करोड़ रुपये) के कैश पेमेंट पर एक शेल कंपनी (गुमनाम कंपनी) को बेचा गया था, जो दरअसल दानियार से ही जुड़ी थी. उस समय यह न्यू जर्सी के इतिहास में बिकने वाला सबसे महंगा घर था. इस बंगले को बनाने वाले जो स्कॉट का कहना है कि उस वक्त खरीदार जल्दबाजी में थे और उन्होंने घर के सामान से लेकर शराब तक सब कुछ खरीद लिया था. आज 2026 के टैक्स असेसमेंट के अनुसार, इस बंगले की कीमत 35.5 मिलियन डॉलर आंकी गई है.
विवादों और पुराने फ्रॉड से रहा है नाता
यह पहला मौका नहीं है जब दानियार ने करोड़ों की प्रॉपर्टी कौड़ियों के भाव खरीदी हो. इससे पहले वह न्यूयॉर्क के मशहूर प्लाजा होटल में 20 मिलियन डॉलर का आलीशान फ्लैट मात्र 1 डॉलर में खरीद चुके हैं, जिसे लेकर उनके सौतेले पिता बोलाट ने उन पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा भी किया था.
रोसमाह ने पुलिस में दी शिकायत
द एड्ज मलेशिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल इस न्यू जर्सी वाले बंगले को लेकर मलेशिया में भारी बवाल मचा हुआ है. सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ी थी कि जेल में बंद पूर्व पीएम की पत्नी रोसमाह मंसूर ने इसे एक गुप्त कंपनी को ट्रांसफर कर दिया है. हालांकि, रोसमाह ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और सूत्रों का भी यही कहना है कि यह संपत्ति अब भी पूरी तरह से दानियार के ही नाम पर है.
ये भी पढ़ें:- ये है दुनिया का सबसे छोटा डाइविंग सूट, कॉकरोच को पहनाकर इंसानों का रेस्क्यू करेंगे साइंटिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं