विज्ञापन

'16 रुपये में कपड़े' 16 मिनट का ऑफर, कानपुर में आधी रात मचे बवाल पर हुआ एक्शन

सोशल मीडिया पर ऑफर दिखने के बाद दुकान बंद करने और मारपीट की नौबत आने पर भगदड़ मच गई. पुलिस ने मामला शांत कराकर संचालक पर एफआईआर दर्ज की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया.

'16 रुपये में कपड़े' 16 मिनट का ऑफर, कानपुर में आधी रात मचे बवाल पर हुआ एक्शन
कानपुर में आधी रात मार्ट के बाहर बवाल पर एक्शन

कानपुर में सोशल मीडिया पर दिया गया एक लुभावना ऑफर दुकानदारों के लिए ही मुसीबत का सबब बन गया. अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में 16 रुपये में कपड़े बेचने के बर्थडे ऑफर ने ऐसा बवाल मचाया कि आधी रात को सड़क पर हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी और भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को दखल देना पड़ा. इस मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लेते हुए आलम मार्ट के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

क्या था यह 16 रुपये वाला ऑफर? 

दरअसल, आलम मार्केट के कपड़ा व्यापारी रईस आलम का 16 अगस्त को जन्मदिन होता है. अपने जन्मदिन को खास बनाने के लिए रईस आलम ने इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी दुकान आलम मार्ट का एक बंपर ऑफर प्रमोट किया.

ऑफर में दावा किया गया कि 15 अगस्त की रात 11:59 बजे के बाद, यानी 16 अगस्त लगते ही, शुरुआत के 16 मिनट तक दुकान का कोई भी कपड़ा मात्र 16 रुपये में दिया जाएगा.

आधी रात उमड़ी हजारों की भीड़ और मचा बवाल

ऑफर की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई. 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे से ही आलम मार्ट के बाहर लोगों का हुजूम जुटना शुरू हो गया. देखते ही देखते हजारो लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे पूरी सड़क और चौराहे पर भारी जाम लग गया. इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखकर दुकान संचालकों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने भीड़ को अंदर आने से रोकने के लिए दुकान बंद कर दी.

Latest and Breaking News on NDTV

जब लोगों ने ऑफर की मांग को लेकर हंगामा शुरू किया, तो आरोप है कि संचालक मोहम्मद आलम, रईस आलम, सलमान आलम और उनके कर्मचारियों ने जनता के साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं. इससे भीड़ और ज्यादा उग्र हो गई और मौके पर अफरा-तफरी व भगदड़ का माहौल बन गया. इस दौरान कई लोग गिरकर चोटिल हुए और मौके पर लोगों की चप्पलें तक छूट गईं.

दरोगा की शिकायत पर FIR, एक संचालक गिरफ्तार 

स्वतंत्रता दिवस की रात ड्यूटी पर तैनात अनवरगंज थाने के उप-निरीक्षक (दरोगा) और उनकी टीम को जब इस बवाल की सूचना मिली, तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे. हालात बेकाबू होते देख आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाना पड़ा. पुलिस ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ से भीड़ को समझा-बुझाकर वहां से खदेड़ा. 

अनवरगंज के एसीपी मंजय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर 16 रुपये में कपड़े देने के ऑफर के कारण यह भीड़ जुटी थी. पुलिस ने समय रहते पहुंचकर कानून-व्यवस्था को सामान्य कराया.

इस गंभीर मामले में ड्यूटी पर मौजूद दरोगा की तहरीर पर आलम मार्ट के संचालक मोहम्मद आलम, रईस आलम, सलमान आलम पुत्रगण अब्दुल खालिद और अन्य सहयोगियों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने और आम जनता का जीवन संकट में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सलमान आलम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी रईस आलम और मोहम्मद आलम की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.

यह भी पढ़ें- अशोक गहलोत ने की जादू अकादमी खोलने की पैरवी, पिता की विरासत बचाने के लिए बेटे को दी ये सलाह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kanpur News, Kanpur News In Hindi, Kanpur News Today, Kanpur Viral News, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com