IITian couple London: जब करियर की परिभाषा कॉरपोरेट जॉब और मोटे पैकेज तक सीमित मानी जाती है, तब एक IITian कपल ने उस सोच को चुनौती दी है. भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई करने के बाद इस कपल ने लंदन में एक अनोखा रास्ता चुना, पानीपुरी के साथ सात कोर्स का ‘देसी फ्यूज़न' डिनर क्लब. यह कहानी सिर्फ खाने की नहीं, बल्कि पहचान, समुदाय और रिस्क लेने की हिम्मत की है.
डिजाइनर से डिनर होस्ट बनने का सफर
नागपुर में पली-बढ़ी इस NRI महिला ने VNIT नागपुर से आर्किटेक्चर की पढ़ाई की और फिर IIT गुवाहाटी से मास्टर इन डिज़ाइन किया. भारत में उन्होंने Samsung Research, Bengaluru में प्रोडक्ट डिज़ाइनर के तौर पर काम किया. शादी के बाद 2024 में वह लंदन शिफ्ट हुईं. उनके पति उत्तर प्रदेश के ओबरा से हैं और उन्होंने IIT धनबाद व IIIT हैदराबाद से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की है. कॉरपोरेट ब्रेक के दौरान, लंदन में नए लोगों से जुड़ने और अपनापन बनाने की चाह ने एक नए आइडिया को जन्म दिया- The Bouzi Club.
6 हज़ार की डिनर प्लेट और शुरुआत पानीपुरी से
The Bouzi Club एक मंथली टिकटेड सपर क्लब है, जिसमें हर महीने 10 से 12 मेहमानों को बुलाया जाता है. यहां सात कोर्स का इंडियन-फ्यूज़न मील परोसा जाता है, जिसकी कीमत £50 (करीब 6,000 रुपये) प्रति व्यक्ति है. इस क्लब की सबसे खास पहचान है- पानीपुरी.
महिला उद्यमी के मुताबिक, 'पहले 10 मिनट बहुत मायने रखते हैं. पानीपुरी हर किसी को बोलने पर मजबूर कर देती है, क्योंकि सबकी अपनी उम्मीदें होती हैं. यही हमारा सबसे मजबूत आइसब्रेकर बन गया. आज पानीपुरी हर सपर क्लब की सिग्नेचर शुरुआत है. नए देश में होम-लेड फूड वेंचर चलाना आसान नहीं था. दंपति के पास न तो हॉस्पिटैलिटी का अनुभव था, न ही बिज़नेस बैकग्राउंड.

अनुभव के साथ चीजें आसान हो गईं
महिला ने बताया- प्राइसिंग और टिकटिंग खुद सीखनी पड़ी. लोकल लोगों के स्वाद के हिसाब से मसालों का संतुलन समझना चुनौती रहा. ऑपरेशंस में कई बार ट्रायल और एरर करने पड़े. अब अनुभव के साथ चीजें आसान हो गई हैं. अगस्त से नवंबर के बीच यह कपल फेस्टिव थीम्ड डिनर्स भी होस्ट करता है.
सोशल मीडिया पर वायरल नैरेटिव को लेकर महिला का नजरिया साफ है. उनका कहना है- हम अपनी IIT पहचान पर गर्व करते हैं. यह किसी से ‘गिरना' नहीं, बल्कि उसी शिक्षा से मिली हिम्मत है जिसने हमें जोखिम उठाना सिखाया. उनके मुताबिक, IIT ने उन्हें सोचना, सीखना और कुछ नया खड़ा करना सिखाया - चाहे वह लैब हो या लंदन का किचन.

The Bouzi Club सिर्फ खाना नहीं परोसता, बल्कि अकेलेपन से जूझते शहर में संवाद और अपनापन भी परोसता है. यह कहानी बताती है कि सफलता का रास्ता एक जैसा नहीं होता और कभी-कभी पानीपुरी भी दुनिया बदलने का जरिया बन सकती है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: रील के लिए मौत से खेला, आग उगलने का स्टंट करते हुए बच्चे का चेहरा झुलसा, देखें दिल दहला देने वाला Video
भारत आने के नाम पर अमेरिकी महिला को लगता था डर, यहां आकर जो हुआ उसके साथ, हकीकत चौंका देगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं