आज के समय में जहां ज्यादातर लोग अच्छी सैलरी और बड़ी कंपनी की नौकरी को सफलता की पहचान मानते हैं, वहीं हैदराबाद के एक शख्स ने अपनी खुशी को सबसे ऊपर रखा. उन्होंने अमेजन की नौकरी छोड़कर ड्राइविंग को करियर बनाने वाले कुमार की कहानी अब सोशल मीडिया पर लोगों को प्रेरित कर रही है. दरअसल, यह कहानी तब सामने आई जब कंटेंट क्रिएटर चेतन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि ऐसे देश में जहां लोग जिम्मेदारियों और समाज के दबाव में अपने शौक छोड़ देते हैं, किसी ऐसे इंसान से मिलना जिसने अपनी खुशी को चुना हो, सच में प्रेरणादायक है.
ड्राइविंग है मेरा पैशन - कुमार
चेतन सिंह ने वीडियो बनाते हुए कैब ड्राइवर कुमार से सवाल किया तो उन्होंने जवाब में कहा कि अमेजन की नौकरी इसलिए छोड़ दी क्योंकि मुझे ड्राइविंग पसंद है या यह भी कह सकते हैं कि ड्राइविंग मेरा पैशन है. मुझे अलग-अलग लोगों से मिलना, उनसे बातचीत करना और उनकी कहानियां जानना अच्छा लगता है.
हैदराबाद को करीब से जानने का मौका
कुमार ने चेतना से बातचीत में आगे कहा कि ड्राइविंग की वजह से उन्हें अपने शहर हैदराबाद को करीब से जानने और समझने का मौका मिला है. उन्होंने कहा कि डेस्क जॉब कभी उन्हें ये मौका नहीं दे सकती है. ऑफिस में बैठकर काम करने की तुलना में इस काम उन्हें ज्यादा खुशी मिलती है. वीडियो में उन्हें यह कहते हुए देखा गया कि मैं हैदराबाद को जानना-समझना चाहता हूं. यह सबसे जरूरी है क्योंकि मैं हैदराबाद से ही हूं.
23,600 से ज्यादा कर चुके हैं ट्रिप
कुमार ने आगे कहा कि 2014 में उबर से जुड़े थे और जब कंपनी ने हैदराबाद में अपनी सेवाएं शुरू की थी. तब से अब तक वह करीब 23,600 ट्रिप पूरी कर चुके हैं और प्लेटफॉर्म के सबसे पसंदीदा ड्राइवरों में गिने जाते हैं. उनका कहना है कि सुबह से शाम तक यात्रियों से बातचीत करना और शहर में घूमना उन्हें आज भी उतना ही अच्छा लगता है, जितना पहले लगता था.
वायरल वीडियो पर लोग कर रहे कमेंट
वीडियो वायरल होने के बाद लोग कुमार की सोच की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने कहा कि उन्होंने समाज की उम्मीदों के बजाय अपनी खुशी को चुना, जो हर किसी के लिए प्रेरणा है. वहीं कुछ लोगों ने उन्हें कंटेंट क्रिएशन शुरू करने की सलाह भी दी ताकि उनकी बातें और ज्यादा लोगों तक पहुंच सकें. वहीं एक यूजर ने लिखा कि क्या आपने कभी दूसरे कैब ड्राइवरों को सर कहकर बुलाया है. यह साफ है कि उन्हें जो सम्मान मिला, वह अमेज़न में उनकी पिछली नौकरी की वजह से था, न कि इसलिए कि वे आज एक ड्राइवर हैं. उन्हें अपने जुनून की कीमत का एहसास हो गया होगा. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि अब मुझे पता चला कि AWS क्यों डाउन हो रहा है, क्योंकि वहां SDE सर्वर चलाने के बजाय रैपिडो (Rapido) चला रहे हैं.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: सीट पर खाना, एयरपोर्ट जैसी सिक्योरिटी... यूक्रेनी महिला हुई भारतीय सिनेमाघरों की फैन, वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें: सहारा रेगिस्तान में ऊंट की सवारी करते हुए की लैपटॉप पर ज़ूम कॉल, वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें: भारत और पोलैंड के ऑफिस कल्चर में कितना फर्क? शख्स ने बताया अपना एक्सपीरियंस, देखें वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं