विज्ञापन

VIDEO: गुजरात के नवसारी में 'स्विमिंग पूल' बनी सड़कें, कहीं बच्चे तैर रहे तो कहीं घर का सामान

Navsari Rain Update Today: गुजरात के नवसारी में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं. सड़कें 'स्विमिंग पूल' बन गई हैं और 500 से अधिक घरों में पानी भर गया है. IMD ने इलाके में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. तस्वीरों में देखें कैसे हैं हालात...

VIDEO: गुजरात के नवसारी में 'स्विमिंग पूल' बनी सड़कें, कहीं बच्चे तैर रहे तो कहीं घर का सामान
Gujarat Navsari Rain: 2 दिन में 16 इंच बारिश, कासीवारी के 500 घरों में घुसा पानी; स्कूल-कॉलेज बंद
NDTV Reporter
  • नवसारी में 2 दिन की भारी बारिश से सड़कें 'स्विमिंग पूल' बन गई हैं और 500 घरों में पानी भर गया है.
  • खराब मौसम के कारण 2 दिन से स्कूल-कॉलेज बंद हैं. IMD ने आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
  • प्रशासन ने बेवजह घर से न निकलने की अपील की है. वहीं बच्चे सड़कों पर तैरते नजर आ रहे हैं.

Gujarat Rains: गुजरात के नवसारी जिले में मानसून (Monsoon) अब आफत बन चुका है. लगातार 2 दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी है. बुधवार (8 जुलाई) तक जिले में 16 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिसके चलते रिहायशी इलाके टापू में तब्दील हो गए हैं. सड़कों पर इतना पानी भर गया है कि वे 'स्विमिंग पूल' जैसी नजर आ रही हैं. बच्चे इन जलमग्न सड़कों पर तैरते दिख रहे हैं, तो कई घरों का सामान पानी में तैर रहा है.

निचले इलाकों में बिगड़े हालात, 500 घरों में भरा पानी

नवसारी शहर के निचले इलाकों, विशेषकर कासीवारी विस्तार, मिथिला नगरी विस्तार और सांता देवी विस्तार में जलभराव ने गंभीर रूप ले लिया है. NDTV के संवाददाता ने ग्राउंड जीरो पर जाकर कासीवारी इलाके का हाल जाना है. वहां कमर तक पानी भरा हुआ है. उनके मुताबिक, यहां करीब 500 घरों में पानी घुस चुका है, जिसके चलते कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं. बाढ़ का पानी फिलहाल 8-9 फीट से घटकर 4 से 5 फीट पर आ गया है, लेकिन स्थिति अभी भी गंभीर है और प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है.

Navsari Flood Like Situation Ground Report

नवसारी के कासीवारी विस्तार से ग्राउंड जीरो के हालात दिखाते हुए NDTV संवाददाता की तस्वीर.
Photo Credit: NDTV Reporter

लोग बोले- सामान निकालने तक का समय नहीं मिला

अचानक आए इस पानी से लोगों को भारी नुकसान हुआ है. NDTV से बात करते हुए स्थानीय निवासी नासिर काजी ने अपनी परेशानी साझा की. 

रात में परिस्थिति बहुत खराब थी. तेज बारिश और जलभराव के कारण कईयों को तो घर से सामान निकालने तक का टाइम नहीं मिला. यहां ज्यादातर परिवार रोजाना कमाकर खाने वाले हैं. कितना नुकसान हुआ, यह पानी उतरने के बाद ही पता चलेगा.

नासिर काजी

स्थानीय निवासी, कासीवारी विस्तार
प्रशासन ने प्रभावित लोगों से संपर्क किया है और आश्वासन दिया है कि दिन में उनके लिए खिचड़ी भिजवाई जाएगी, ताकि कोई भूखा न रहे.

स्कूल-कॉलेज बंद, IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी को देखते हुए नवसारी और सूरत में मंगलवार को ही स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी और आईटीआई (ITI) बंद कर दिए गए थे. नवसारी तहसील में 195 मिमी और जलालपोर में 177 मिमी बारिश दर्ज की गई है. IMD ने 8 जुलाई के लिए भी नवसारी जिले में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है. इसके साथ ही फ्लैश फ्लड (Flash Flood) की चेतावनी भी दी गई है.

Navsari Flood

नवसारी के इलाकों में जलमग्न सड़कों पर तैरते हुए बच्चों की तस्वीर.
Photo Credit: NDTV Reporter

बिना वजह घर से न निकलें- नगर निगम

इसके अलावा सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी, दमन, दादरा और नगर हवेली सहित दक्षिण गुजरात के कई स्थानों और सौराष्ट्र के भावनगर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. नगर निगम आयुक्त और जिला प्रशासन ने नागरिकों को सख्त हिदायत दी है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें.

ये भी पढ़ें:- दुनिया के 15 सबसे VIP फोन नंबर्स का मालिक, जिसके नाम दर्ज हैं 4 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड; कीमत का अंदाजा लगाना भी मुश्किल!

यह VIDEO भी देखें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Navsari, Gujarat Rain, Weather Update, IMD Alert, Flood Like Situation Due To Rain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com