Kal Ka Mausam 18 August 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वी राज्यों और दक्षिण के राज्यों तक बारिश का दौर जारी है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने दबाव की वजह से कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है. ओडिशा में बाढ़ जैसे हालात हैं. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 18 अगस्त के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के कुल 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसमें झारखंड ओडिशा से लेकर दिल्ली-यूपी और बिहार शामिल हैं.
दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में पिछले हफ्ते जहां अच्छी बारिश हुई, वहीं अब मौसम एक बार फिर पलट चुका है. अगले हफ्तेभर मौसम सुहावना रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 अगस्त तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और अलग-अलग दिनों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. आईएमडी के अनुसार कल दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश के आसार हैं.
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार कल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18-19 अगस्त और 22-23 अगस्त के दौरान कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. कल भी बारिश का अनुमान है.
Subject: Under the influence of Depression over northwest Bay of Bengal & adjoining West Bengal-north Odisha coasts, heavy to very heavy rainfall over Gangetic West Bengal, Odisha, Chhattisgarh & Jharkhand during next 2 days with isolated extremely heavy rainfall over Gangetic… pic.twitter.com/X6Aw71EZB3
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 17, 2026
बिहार में भी कल भारी बारिश
मौसम विभाग ने बिहार में भी कल कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार कल यानी 18 अगस्त को राज्य में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है. 19 अगस्त तक राज्य में बड़े पैमाने पर बारिश का अनुमान है.
ओडिशा में कल भारी बारिश का रेड अलर्ट
ओडिशा में भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने कल भी राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के अवदाब में बदलने के बाद बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. आईएमडी ने ओडिशा के बालासोर, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश के लिए ‘रेड अलर्ट' जारी किया है. आईएमडी ने भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल और ढेंकनाल समेत 11 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) भी जारी किया है. इन जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. विभाग ने बरगढ़, सोनपुर, बौध, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट' (सतर्क रहें) भी जारी किया है.
इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट
भारी से बहुत भारी बारिश वाले राज्य: झारखंड में कुछ स्थानों पर बहुत ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी है. इसके अलावा, बिहार, ओडिशा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भी कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है.
भारी बारिश वाले राज्य: हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
यह भी पढ़ें: नागपंचमी पर यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, IMD का अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं