विज्ञापन

दो भारतीयों ने दुबई में जीता लकी ड्रॉ और बन गए करोड़पत‍ि, सोशल मीड‍िया पर हर क‍िसी ने कहा क‍िस्‍मत हो तो ऐसी

एक भारतीय 12 साल से टिकट खरीद रहा था, जबकि दूसरे ने सिर्फ दूसरी टिकट पर ही करीब 9.5 करोड़ रुपये जीत लिए. दुबई ड्यूटी फ्री ड्रॉ की ये कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है.

दो भारतीयों ने दुबई में जीता लकी ड्रॉ और बन गए करोड़पत‍ि, सोशल मीड‍िया पर हर क‍िसी ने कहा क‍िस्‍मत हो तो ऐसी
दुबई ड्यूटी फ्री मिलेनियम मिलियनेयर ड्रॉ जीता दो भारतीयां ने.
khaleejtimes

किस्मत कब, किस पर और कैसे मेहरबान हो जाए, इसका जवाब किसी के पास नहीं होता. दुबई से आई दो भारतीयों की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. एक शख्स पिछले 12 साल से लगातार टिकट खरीद रहा था, लेकिन इंतजार खत्म होने में सालों लग गए. वहीं दूसरे शख्स ने सिर्फ दूसरी बार टिकट खरीदी और सीधा करोड़पति बन गया. दोनों ने दुबई ड्यूटी फ्री के ड्रॉ में करीब 9.5-9.5 करोड़ रुपये जीत लिए. अब उनकी कहानी सोशल मीडिया से लेकर लोगों की बातचीत तक का हिस्सा बन गई है.

एक ने सालों इंतजार किया, दूसरे की तुरंत लग गई लॉटरी

इस बार के दुबई ड्यूटी फ्री मिलेनियम मिलियनेयर ड्रॉ में केरल के रहने वाले कबीर पूवाथिंगल और मोहम्मद शिबिल थय्यिल ने एक-एक मिलियन डॉलर यानी करीब 9.5 करोड़ रुपये का इनाम जीता. दोनों की जीत ने ये साबित कर दिया कि किस्मत का कोई तय समय नहीं होता. किसी को मंजिल तक पहुंचने में सालों लग जाते हैं, तो किसी की जिंदगी कुछ ही पलों में बदल जाती है.

12 साल की कोशिश आखिर रंग लाई

48 साल के कबीर पिछले 22 साल से दुबई में रह रहे हैं और अबू धाबी में एविएशन ऑपरेटर हैं. वो पिछले 12 साल से लगातार इस ड्रॉ में हिस्सा ले रहे थे. 13 जून को खरीदी गई टिकट ने आखिरकार उनकी मेहनत और धैर्य का फल दे दिया. पांच बच्चों के पिता कबीर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ये पल उनकी जिंदगी का सबसे यादगार पल बन गया है.

शादी के एक महीने बाद मिला सबसे बड़ा तोहफा

30 साल के मोहम्मद शिबिल थय्यिल अक्टूबर 2023 से दुबई में रह रहे हैं और शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री जोन में सेल्स की नौकरी करते हैं. उनकी शादी को अभी सिर्फ एक महीना ही हुआ था. उन्होंने दूसरी बार टिकट खरीदी और पहली बड़ी जीत उनके नाम हो गई. जीत की खबर मिलते ही उन्होंने कहा कि इससे बेहतर खबर उनकी जिंदगी में कभी नहीं आई.

भारतीयों की किस्मत लगातार दे रही है साथ

इसी ड्रॉ में ओमान के मस्कट में रहने वाले भारतीय कौशल वेद ने लग्जरी मर्सिडीज-बेंज एस500 कार भी जीती. वो पिछले पांच साल से टिकट खरीद रहे थे. इससे पहले इसी महीने दुबई में रहने वाली केरल की एक भारतीय महिला ने एक खास अभियान के तहत स्टूडियो अपार्टमेंट भी अपने नाम किया था. लगातार मिल रही ऐसी जीतों ने भारतीयों के बीच इन ड्रॉ को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है.

ये भी पढ़ें:-'गुमशुदा' गौरैया का मिल गया पता...इस हवेली का नजारा देख नहीं होगा खुद की आंखों पर यकीन!

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Zara Hatke, Viral, Trending
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com